शिमला स्कूल मालिक हत्याकांड: स्कूल में अकेली रहती थीं मां-बेटी, अब बेटी की जान पर भी मंडराया खतरा

शिमला में स्कूल मालिक मनीषा मित्तल की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी है। मृतका अपनी 17 वर्षीय बेटी के साथ अकेली रहती थीं और परिवार में लंबे समय से प्रॉपर्टी विवाद चल रहा था, जिसके चलते अब बेटी की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

शिमला में स्कूल संचालिका मनीषा मित्तल की हत्या के मामले ने समूचे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक वारदात के बाद आसपास के लोगों में गहरी दहशत है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि देवभूमि जैसे शांतिप्रिय राज्य में इस प्रकार की घटना का होना बेहद चिंता का विषय है।

लंबे समय से चल रहा था प्रॉपर्टी विवाद

मिली जानकारी के मुताबिक, मनीषा मित्तल और उनके भाई के बीच कई वर्षों से संपत्ति को लेकर तकरार जारी थी, जो समय के साथ लगातार गहराती जा रही थी। बताया जा रहा है कि यह विवाद हाईकोर्ट में भी विचाराधीन है। मृतका ने इससे पहले भी अपने भाई पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके चलते पारिवारिक मतभेद और अधिक बढ़ गए थे।

बेटी की सुरक्षा पर उठे सवाल

हत्या के बाद मृतका की 17 वर्षीय बेटी के भविष्य को लेकर भी लोगों ने चिंता जताई है। बताया जा रहा है कि मां और बेटी स्कूल में अकेली ही रह रही थीं, ऐसे में अब बेटी की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस इस मामले की हर पहलू से पड़ताल कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मीडिया के सामने मामले से जुड़ी अधिक जानकारी साझा करने से बच रही है। उधर, इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।

https://hindi.news18.com/news/himachal-pradesh/shimla-manisha-mittal-murder-case-in-shimla-locals-demand-protection-for-daughter-local18-10568612.html