रोप जंप बना मौत का जाल: बिना सुरक्षा रस्सी बांधे ही युवती को पुल से धकेला, खौफनाक मंजर कैमरे में कैद

ब्राजील के लाइमीरा में एडवेंचर स्पोर्ट्स के दौरान 24 साल की युवती को पोंटे डो एस्केलेटो पुल से रोप जंप के लिए धक्का दे दिया गया, लेकिन सुरक्षा रस्सी जुड़ी ही नहीं थी और वह करीब 30 मीटर नीचे गिरकर जान गंवा बैठी।

रोमांच की तलाश में निकली एक युवती के लिए पुल से छलांग लगाना जिंदगी का आखिरी पल साबित हुआ। ब्राजील के लाइमीरा स्थित पोंटे डो एस्केलेटो ट्रेल पर रस्सी कूद (रोप जंप) के दौरान 24 वर्षीय युवती करीब 30 मीटर नीचे जा गिरी और उसकी मौत हो गई। हैरान करने वाली बात यह रही कि आयोजक कंपनी के कर्मचारियों ने सुरक्षा रस्सी ठीक से बांधी ही नहीं थी।

कैसे हुआ हादसा

यह दर्दनाक घटना शनिवार (13 सितंबर) की सुबह सामने आई। प्रत्यक्षदर्शियों और घटना के वीडियो के अनुसार, युवती को पुल से नीचे छोड़ने के लिए दो लोगों ने उठाकर धक्का दिया। कुछ ही सेकंड में आसपास मौजूद लोगों को एहसास हुआ कि उसके साथ सुरक्षा रस्सी जुड़ी ही नहीं है। इसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

वीडियो में कैद हुआ आखिरी पल

घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पूरा वाकया अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। फुटेज में साफ दिखता है कि जैसे ही दो लोग युवती को उठाकर नीचे छोड़ते हैं, वहां खड़े लोग समझ जाते हैं कि वह बिना सुरक्षा रस्सी के गिर रही है और जोर-जोर से चिल्लाने लगते हैं।

हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों ने एम्बुलेंस आने तक युवती को सीपीआर दिया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

तीन गिरफ्तार, दो आरोपी जंगल में फरार

सैन्य पुलिस के मुताबिक, इस मामले में छह लोगों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया था, जिनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, जब अधिकारी मौके पर पहुंचे तो पीड़िता के पास दो लोग खड़े थे। पूछताछ के बीच जैसे ही एक पुलिसकर्मी बचाव कार्य में मदद के लिए दूसरी ओर गया, दोनों आरोपी जंगल की तरफ भाग निकले। इसके बाद अतिरिक्त गश्ती दल और पुलिस विमान की मदद ली गई।

बिना जांच के धकेला गया

पुलिस दस्तावेजों के अनुसार, युवती को तीन लोगों ने पर्याप्त सुरक्षा जांच और जरूरी उपकरणों का इस्तेमाल किए बिना ही पुल से नीचे छोड़ दिया। जांचकर्ताओं का मानना है कि आरोपियों ने जानबूझकर ऐसा खतरनाक जोखिम लिया, जिसमें मौत की पूरी आशंका थी और आखिरकार वैसा ही हुआ। अधिकारियों का यह भी कहना है कि इस स्थान पर पहले भी कई गंभीर और जानलेवा हादसे हो चुके हैं।

नगर पालिका करेगी संघीय सरकार पर मुकदमा

हादसे के बाद लाइमीरा नगर पालिका ने संघीय सरकार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का ऐलान किया है। प्रशासन का कहना है कि पोंटे डो एस्केलेटो पुल की निगरानी, रखरखाव और पहुंच नियंत्रण की पूरी जिम्मेदारी संघीय सरकार की थी। नगर पालिका ने दावा किया कि 2025 से ही सुरक्षा उपायों की मांग को लेकर कई आधिकारिक पत्र भेजे गए थे, मगर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। प्रशासन के अनुसार, युवती की मौत के बाद अब यह लापरवाही ‘असहनीय और अस्वीकार्य’ हो चुकी है।

https://hindi.news18.com/world/rest-of-world-brazil-rope-jump-accident-woman-falls-30-meters-after-safety-rope-failure-limeira-news-10568358.html