बारिश के मौसम में सैर-सपाटे के शौकीन यात्रियों के लिए राजस्थान एक बार फिर पसंदीदा ठिकाने के रूप में उभरा है। ऑनलाइन ट्रैवल कंपनी मेकमायट्रिप ने मानसून के दौरान घूमने लायक देश के 30 सर्वश्रेष्ठ शहरों की सूची जारी की है, जिसमें राज्य के दो शहरों ने जगह बनाई है। इस फेहरिस्त में उदयपुर को 11वां और माउंट आबू को 29वां स्थान हासिल हुआ है।
झीलों के शहर को क्यों मिली पहचान
उदयपुर को यह स्थान उसकी प्राकृतिक खूबसूरती के दम पर मिला है। अरावली की पहाड़ियों के बीच बसा यह शहर अपनी झीलों और सिटी पैलेस जैसी ऐतिहासिक धरोहरों के लिए देश-विदेश में जाना जाता है। यही विशेषताएं इसे मानसून के मौसम में पर्यटकों की पहली पसंद बनाती हैं।
बारिश में निखर उठता है सौंदर्य
मानसून के दौरान उदयपुर की छटा और भी मनमोहक हो जाती है। इस मौसम में जहां शहर की झीलें पानी से लबालब भर जाती हैं, वहीं आसपास की पहाड़ियां हरियाली की चादर ओढ़ लेती हैं। इस हरे-भरे नजारे के बीच पूरा शहर एक अलग ही रूप में नजर आता है।
पर्यटकों के आकर्षण के केंद्र
शहर में कई ऐसे स्थल हैं जो सैलानियों को अपनी ओर खींचते हैं। सहेलियों की बाड़ी, फतेहसागर और जगमंदिर पैलेस यहां आने वाले पर्यटकों के बीच खास तौर पर लोकप्रिय हैं।
पर्यटन कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
माना जा रहा है कि देश के शीर्ष मानसून पर्यटन स्थलों में शामिल होने से उदयपुर के पर्यटन उद्योग को नई मजबूती मिलेगी और इससे स्थानीय कारोबार को भी फायदा पहुंचेगा।
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/travel-udaipur-ranked-11th-in-makemytrip-best-monsoon-destinations-india-mount-abu-also-added-local18-10568343.html