बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा से पहले पाटलिपुत्र स्टेशन पर बवाल, ट्रैक जाम कर रोकी गईं ट्रेनें, पत्थरबाजी से अफरा-तफरी

मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा देने जा रहे छात्रों ने ट्रेन लेट होने पर पाटलिपुत्र स्टेशन पर रेलवे ट्रैक जाम कर दिया और पत्थरबाजी की, जिसमें रेल आईजी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। राजधानी एक्सप्रेस समेत दर्जनों ट्रेनों का परिचालन घंटों प्रभावित रहा।

पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब बिहार पुलिस के मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा देने जा रहे छात्रों ने ट्रेन के विलंब से नाराज होकर हंगामा शुरू कर दिया। बड़ी संख्या में छात्र रेलवे ट्रैक पर उतर आए और प्रदर्शन करने लगे। कुछ छात्र तो ट्रैक पर ही लेट गए, जिससे रेल परिचालन पूरी तरह बाधित हो गया। देखते ही देखते स्टेशन परिसर के चारों ओर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और राजधानी एक्सप्रेस समेत दर्जनों ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई।

ट्रैक पर बैठे सौ से अधिक छात्र, रुक गईं कई ट्रेनें

स्टेशन पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, समय पर परीक्षा केंद्र न पहुंच पाने की आशंका से नाराज छात्रों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद 100 से अधिक छात्र ट्रैक पर बैठ गए और कई स्थानों पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी। ट्रैक जाम होने के कारण लंबी दूरी की कई ट्रेनें बीच रास्ते में ही रुक गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौके पर पहुंची पुलिस, छात्रों से हुई झड़प

घटना की सूचना मिलते ही रेल आईजी, रेल एसपी और दानापुर रेल मंडल के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। रेलवे अधिकारियों ने छात्रों को समझाकर ट्रैक खाली कराने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। हालात बिगड़ते चले गए और कुछ जगहों पर पुलिस तथा छात्रों के बीच झड़प की भी जानकारी सामने आई।

पत्थरबाजी में रेल आईजी समेत कई जवान घायल

बताया जा रहा है कि हंगामे के दौरान जमकर पत्थरबाजी हुई। इस पत्थरबाजी में रेल आईजी जितेंद्र राणा समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। साथ ही कई थाना अध्यक्षों और जवानों को भी चोटें आईं। स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर जमकर तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे वहां मौजूद यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया।

स्थिति काबू में करने को छोड़े गए आंसू गैस के गोले

छात्रों के उग्र प्रदर्शन को नियंत्रण से बाहर होता देख अतिरिक्त पुलिस बल और टीयर गैस टीम को बुलाया गया। काफी देर बाद मौके पर पहुंची टीम ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। इसके बाद छात्र धीरे-धीरे ट्रैक और स्टेशन परिसर से हटने लगे। पुलिस ने पूरे इलाके को अपने नियंत्रण में लेकर स्थिति को संभाल लिया।

क्षतिग्रस्त हिस्सों की जांच के बाद बहाल हो रहा परिचालन

प्रदर्शन समाप्त होने के बाद रेलवे प्रशासन ने ट्रैक और स्टेशन परिसर का निरीक्षण शुरू कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, क्षतिग्रस्त हिस्सों की जांच के बाद रेल परिचालन को सामान्य करने की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। हालांकि इस घटना के चलते राजधानी एक्सप्रेस समेत दर्जनों ट्रेनों का संचालन घंटों तक प्रभावित रहा।

https://hindi.news18.com/news/bihar/patna-bihar-police-prohibition-department-examination-exam-candidates-at-patna-patliputra-station-trains-halted-ruckus-ws-kl-10568364.html