IND vs AFG: डेब्यू पर गुरनूर और हर्ष का कमाल, 3-3 विकेट लेकर खास लिस्ट में शामिल

धर्मशाला में अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में भारत ने 7 विकेट से जीत दर्ज की। डेब्यू कर रहे गुरनूर बरार और हर्ष दुबे ने 3-3 विकेट लेकर वनडे इतिहास की एक खास सूची में जगह बनाई।

भारतीय टीम ने अफगानिस्तान के विरुद्ध तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज शानदार अंदाज में किया और धर्मशाला के मैदान पर खेले गए पहले मुकाबले को 7 विकेट से जीत लिया। बारिश की वजह से यह भिड़ंत निर्धारित समय से काफी देर से शुरू हो सकी और इसे 25-25 ओवर का कर दिया गया। टीम इंडिया ने इस मैच की प्लेइंग 11 में दो नए चेहरों गुरनूर बरार और हर्ष दुबे को जगह दी। खास बात यह रही कि दोनों ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अपने पहले ही मैच में 3-3 विकेट चटकाए और साथ मिलकर ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसने उन्हें वनडे क्रिकेट इतिहास की एक विशेष सूची का हिस्सा बना दिया।

वनडे में फुल मेंबर टीम की ओर से सिर्फ तीसरी बार हुआ ऐसा

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी एक मुकाबले में एक साथ दो खिलाड़ियों को डेब्यू का अवसर मिलना और वे दोनों गेंदबाज हों, ऐसा बहुत कम देखा गया है। गुरनूर बरार और हर्ष दुबे ने जैसे ही अपने पहले मैच में 3-3 विकेट हासिल किए, वैसे ही वे वनडे इतिहास में फुल मेंबर टीमों की ओर से ऐसी सिर्फ तीसरी जोड़ी बन गए, जिन्होंने एक ही मुकाबले में डेब्यू करते हुए कम से कम तीन या उससे ज्यादा विकेट लिए हों।

इससे पहले साल 1971 के जनवरी महीने में ऑस्ट्रेलिया की ओर से इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले में एशले मैलेट और कीथ स्टैकपोल को डेब्यू का मौका मिला था और दोनों ने 3-3 विकेट झटके थे। इसके बाद साल 1997 में पाकिस्तान के खिलाफ वनडे में वेस्टइंडीज की ओर से कॉलिन क्रॉफ्ट और जोएल गार्नर ने डेब्यू करते हुए 3-3 विकेट लिए थे। वहीं अगर फुल मेंबर्स और एसोसिएट देशों को मिलाकर देखें, तो वनडे में यह नजारा सिर्फ 7वीं बार सामने आया है।

पहले ही ओवर में रफ्तार और लेंथ से गुरनूर ने जमाई धाक

घरेलू क्रिकेट में पंजाब का प्रतिनिधित्व करने वाले 6 फुट से अधिक लंबे तेज गेंदबाज गुरनूर बरार लंबे समय से टीम इंडिया में जगह बनाने के लिए दावेदारी पेश कर रहे थे। अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में जब उन्हें डेब्यू का मौका मिला, तो उन्होंने अपनी 5वीं ही गेंद पर इब्राहिम जादरान को पवेलियन भेज दिया। गुरनूर की गेंदों की रफ्तार 140 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक रही, जिसे देखते हुए साल 2027 के वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से वे गेंदबाजी में टीम इंडिया का तुरुप का इक्का साबित हो सकते हैं।

https://www.indiatv.in/sports/cricket/gurnoor-brar-and-harsh-dubey-becomes-only-3rd-pair-that-two-debutants-bagged-at-least-three-wickets-for-a-full-member-team-2026-06-13-1224947