हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक निजी स्कूल के परिसर में घुसकर एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई।
कहां और कब हुई वारदात
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना शिमला के संजौली की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की है। बताया जा रहा है कि एक निजी स्कूल परिसर में युवती को गोली मारी गई और यह वारदात साढ़े सात बजे के करीब हुई। मृतका की पहचान मनीषा मित्तल के रूप में हुई है, जिन्हें स्कूल गेट के पास गोलियों से भून दिया गया।
हत्या की वजह पर शक
शुरुआती जानकारी के मुताबिक हत्या के पीछे प्रॉपर्टी को लेकर चल रहा विवाद वजह हो सकती है। बताया जा रहा है कि मनीषा का अपने भाई के साथ संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते इस वारदात की आशंका जताई जा रही है।
दुकान से लौटते समय हमला
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार युवती दुकान से मैगी और कुछ अन्य सामान लेकर आई थी। इसी दौरान हमलावरों ने उस पर हमला बोल दिया। हमलावर पंजाब नंबर की गाड़ी में आए थे और युवती को तीन गोलियां मारी गईं।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस ने पूरे शिमला में नाकेबंदी कर दी। फिलहाल संदिग्ध वाहन और आरोपियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
https://hindi.news18.com/news/himachal-pradesh/shimla-breaking-news-women-shot-dead-in-sanjauli-near-housing-board-colony-private-school-local18-ws-l-10567582.html