बलौदाबाजार: जहरीली शराब ने ली 8 लोगों की जान, जांच के लिए कब्र से निकाला गया शव

बलौदाबाजार के खर्वे गांव में जहरीली शराब पीने से 8 लोगों की मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि शराब इतनी खतरनाक थी कि पीने के 10 से 15 मिनट के भीतर ही मौत हो जाती थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच के लिए दफन शवों में से एक को निकाला।

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में जहरीली शराब से हुई मौतों का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कसडोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले खर्वे गांव में 8 लोगों की जान जाने की पुष्टि हुई है। हालात इतने गंभीर हो गए कि पुलिस को जांच के लिए कब्र खोदकर शव बाहर निकालना पड़ा। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

कब्र से निकाला गया एक शव

पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम जांच के लिए खर्वे गांव पहुंची। वहां दफन किए गए शवों में से फिलहाल एक शव को बाहर निकाला गया। खुदाई के लिए जेसीबी की मदद ली गई। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम भी मौके पर मौजूद रही।

एसडीओपी ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत मिलने के बाद यह कार्रवाई की जा रही है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के लिए शव को रायपुर भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आवश्यकता पड़ने पर अन्य शवों को भी निकाला जाएगा।

शराब में जहर मिलाने की आशंका

ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि शराब में जहरीला पदार्थ मिलाया गया था। उनका दावा है कि यह शराब इतनी खतरनाक थी कि इसे पीने के महज 10 से 15 मिनट के भीतर ही व्यक्ति की मौत हो जाती थी।

अब तक 8 लोगों की मौत

इस मामले में अब तक कुल 8 लोगों की जान जाने की बात सामने आई है। आज पुलिस ने जिस व्यक्ति का शव कब्र से बाहर निकाला, उसकी पहचान मैत्रु साहू के रूप में हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक शराब पीने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी और फिर उसकी मौत हो गई। इसी तरह बाकी 7 लोगों की भी जान गई।

जांच के बाद होगा खुलासा

फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से पड़ताल कर रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि शराब में वास्तव में क्या मिलाया गया था। ग्रामीणों के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। शव को रायपुर भेजा जा चुका है।

उल्लेखनीय है कि इसी मामले को लेकर कुछ दिन पहले बड़ी संख्या में ग्रामीण कसडोल थाने पहुंचे थे और कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद ही पुलिस सक्रिय हुई।

https://hindi.news18.com/news/chhattisgarh/baloda-bazar-kharve-village-poisonous-liquor-8-death-within-15-minutes-consuming-alcohol-grave-exhumed-to-investigate-local18-10567716.html