चंडीगढ़ के सेक्टर 11 में मेडिकल स्टोर में घुसकर फायरिंग, कैशियर की मौत; CCTV में कैद हुई वारदात

चंडीगढ़ के सेक्टर 11 के एक मेडिकल स्टोर में शनिवार दोपहर नकाबपोश हमलावरों ने कैशियर जानकी दास पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार वारदात में 13 राउंड फायरिंग हुई और तीनों आरोपी फरार हैं।

चंडीगढ़ के सेक्टर 11 स्थित एक मेडिकल स्टोर पर शनिवार दोपहर अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां चला दीं। इस हमले में दुकान के कैशियर जानकी दास की जान चली गई। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां उन्होंने दम तोड़ दिया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस और केंद्रीय फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (CFSL) की टीम मौके पर पहुंच गई और जांच में जुट गई। बताया जा रहा है कि नकाबपोश बदमाशों ने कैशियर पर लगातार फायरिंग की। पूरी घटना का CCTV फुटेज भी अब सामने आ गया है।

दुकान में घुसकर कैशियर पर बरसाईं गोलियां

चंडीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुमेर प्रताप सिंह के अनुसार इस वारदात को दो नकाबपोश हमलावरों ने अंजाम दिया। दोनों दुकान के भीतर दाखिल हुए और कैशियर पर गोलियां चला दीं। उन्होंने बताया कि एक तीसरा साथी मोटरसाइकिल लेकर बाहर खड़ा था और घटना के बाद तीनों मौके से भाग निकले। SSP ने कहा, 'यह वारदात आज दोपहर 2:30 बजे हुई। दो नकाबपोश लोग दुकान में आए और कर्मचारी जानकी दास पर लगातार गोलियां चलाईं, इसके बाद वे फरार हो गए।'

दुकान मालिक को नहीं मिली थी कोई धमकी

सुमेर प्रताप सिंह ने बताया कि बाहर मोटरसाइकिल पर इंतजार कर रहे साथी के साथ तीनों मिलकर फरार हुए। उन्होंने यह भी बताया कि हमले में कुल 13 राउंड फायरिंग की गई। मृतक जानकी दास धनास इलाके के निवासी थे और मेडिकल स्टोर में कैशियर के तौर पर काम करते थे। पुलिस के मुताबिक दुकान मालिक को पहले से किसी प्रकार की कोई धमकी नहीं मिली थी। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जांच अभी शुरुआती चरण में है और हर संभावना को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।

घटना के बाद इलाके में दहशत

घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और दूसरी तकनीकी जानकारियां भी जुटाई जा रही हैं। एसएसपी ने कहा, 'हम हर पहलू की बारीकी से जांच कर रहे हैं। शहर में जगह-जगह नाकाबंदी की गई है और आरोपियों को पकड़ने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है।' वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और हमलावरों की तलाश लगातार जारी है। फिलहाल सभी सुरागों को आपस में जोड़कर बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

https://www.indiatv.in/crime/cashier-shot-dead-in-chandigarh-sector-11-medical-store-firing-police-launch-investigation-2026-06-13-1224910