'उसने मेरी कलाई मोड़ी', फ्लाइट में रंगभेद के शिकार हुए जाकिर खान, एयर होस्टेस और गोरी मैम के बर्ताव का किया खुलासा

कॉमेडियन जाकिर खान ने एक पॉडकास्ट में हवाई यात्रा के दौरान हुए कड़वे अनुभव को साझा किया, जहां एयर होस्टेस और एक विदेशी महिला ने उनके साथ नस्लभेदी बर्ताव किया. जाकिर ने मौके पर ही दोनों को करारा जवाब दिया.

अपने चुटीले अंदाज, शेरो-शायरी और जिंदगी से जुड़े दिलचस्प किस्सों के लिए पहचाने जाने वाले मशहूर कॉमेडियन जाकिर खान इन दिनों एक अलग वजह से चर्चा में हैं. हाल ही में उन्होंने एक हवाई यात्रा के अपने खराब अनुभव को साझा किया, जिसमें एयर होस्टेस और एक विदेशी महिला के बर्ताव ने यह दिखा दिया कि आज भी कई विदेशी भारतीयों को लेकर पूर्वाग्रह से भरी सोच रखते हैं और उन्हें हीन नजर से देखते हैं.

पॉडकास्ट में बयां की आपबीती

जाकिर खान ने 'वाइल्ड ट्रुथ पॉडकास्ट' में इस पूरे वाकये को विस्तार से बताया. उन्होंने कहा कि फर्स्ट क्लास में सफर करने वाले यात्रियों को लेकर एक खास तरह की धारणा बनी हुई है. उनके मुताबिक, 'अगर आप फर्स्ट क्लास में हवाई जहाज से यात्रा कर रहे हैं, तो आपका पहनावा खास किस्म का होगा. जैसे- सिर्फ गोरे लोग ही फर्स्ट क्लास में ट्रेवल करते वक्त सफेद पायजामा में हो सकते हैं. ऐसा मैंने कई दफा अनुभव किया, मगर मैंने कुछ नहीं कहा.'

कॉमेडियन ने आगे बताया कि एक बार जब वे विमान में अपना सामान व्यवस्थित कर रहे थे, तभी एयर होस्टेस उनके पास आई और उसने उनकी कलाई मोड़कर यह जांचने की कोशिश की कि वे वाकई फर्स्ट क्लास के यात्री हैं या नहीं.

आपत्तिजनक रहा एयर होस्टेस का रवैया

जाकिर खान ने बताया कि उन्हें पूरा भरोसा था कि इस बर्ताव के पीछे कोई खास वजह है. उन्होंने कहा, 'उसी फ्लाइट में एक गोरी मैम ट्रेवल कर रही थी. वह भी मुझे रोकने की कोशिश कर रही थी. यह सब एक-साथ हो रहा था.' उस विदेशी महिला की नकल उतारते हुए उन्होंने कहा, 'हैलो जेंटलमैन, आप अपना लगेज यहां नहीं रख सकते हैं.' इस पर जाकिर ने जवाब दिया कि यह उनकी अपनी सीट है, लेकिन एयर होस्टेस इस तरह पेश आ रही थी मानो वह सीट उनकी हो ही नहीं.

जाकिर का करारा जवाब

इसके बाद कॉमेडियन ने दोनों को सीधे शब्दों में आईना दिखाया. उन्होंने बताया, 'मैंने प्वॉइंट ब्लैंक से उसका सामना किया- क्या आपको फर्स्ट क्लास में ट्रेवल कर रहे भारतीय शख्स से दिक्कत है? मैंने जैसे ही ऐसा कहा, उसका बर्ताव बदल गया. कहने लगीं कि मैं ऐसा क्यों सोचूंगी. मुझे इससे दिक्कत क्यों होगी? मैं उसकी आंखों में देख सकता था.'

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए जाकिर ने आत्मविश्वास के साथ कहा, 'यह दशक भारत का है. मेरे लोग सीधा जवाब देने में आगे हैं. हम अपनी जगह में हैं. मेरा मतलब बिजनेस है और हम और बकवास नहीं सुनने वाले.'

पॉडकास्टर ने की तारीफ

जाकिर खान के इस अंदाज की पॉडकास्ट होस्ट ने भी जमकर सराहना की. उन्होंने कहा, 'आप सही नजरिये के साथ जवाब दे रहे हैं. आप लोगों का सामना कर रहे हैं, उन्हें सही सीख दे रहे हैं. जब आप ऐसा करते हैं, तो आप दुनिया को अपनी इज्जत करना सिखा रहे हैं. आप लोगों को अपना बर्ताव छिपाने का मौका नहीं दे रहे हैं.' होस्ट ने यह भी कहा कि जिस तरह जाकिर ने उस महिला और एयर होस्टेस से बात की, उसने उन्हें यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि शायद उन्होंने इस शख्स के साथ गलत बर्ताव किया है.

https://hindi.news18.com/news/entertainment/viral-social-zakir-khan-spills-pain-on-racist-behaviour-of-air-hostess-and-white-lady-during-flight-comedian-says-kya-aapko-indian-se-dikkat-hai-ws-l-10567268.html