रामानंद सागर की मशहूर टीवी सीरीज 'रामायण' में लक्ष्मण का किरदार निभाकर हर घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता सुनील लहरी लंबे अरसे से किसी फिल्म या टेलीविजन शो में नजर नहीं आए हैं। इसके बावजूद वह सोशल मीडिया के माध्यम से अपने प्रशंसकों से लगातार जुड़े रहते हैं। हाल ही में उनका एक वीडियो खूब चर्चा बटोर रहा है।
1987 में प्रसारित हुई 'रामायण' ने कई कलाकारों को नई पहचान दिलाई, जिनमें सुनील लहरी का नाम भी शामिल है। उन्होंने इस धारावाहिक में श्रीराम के छोटे भाई लक्ष्मण की भूमिका निभाई थी और दर्शकों ने उन्हें इस किरदार में खूब सराहा। हालांकि अब वह अभिनय की दुनिया से दूरी बनाए हुए हैं और बीते दिनों न तो किसी फिल्म में दिखे और न ही किसी शो में।
आजकल सुनील लहरी अपना समय अलग-अलग गतिविधियों में बिताते हैं। कभी वह परिवार के बीच रहते हैं तो कभी अपने फार्म हाउस पर खेती करते नजर आते हैं। अपने ताजा वीडियो में वह खेती-बाड़ी के कामकाज में व्यस्त दिखाई दे रहे हैं और इसी वीडियो में उन्होंने अपने फार्म हाउस की झलक भी प्रशंसकों के साथ साझा की है।
फार्म में उगा रहे सब्जियां और फल
सुनील लहरी इन दिनों खेती में पूरी तरह रमे हुए हैं और तरह-तरह की सब्जियां व फल उगा रहे हैं। अपने वीडियो में उन्होंने बताया कि उनके खेत में क्या-क्या तैयार हो रहा है। उन्होंने बताया कि उनके फार्म में पालक, पत्ता गोभी, टमाटर, मोरिंगा, शिमला मिर्च और हरी मिर्च से लेकर पपीता, केले और काजू तक उगाए गए हैं। वीडियो में वह एक-एक कर इन सभी चीजों की झलक दिखाते हैं।
मिलावट को लेकर जताई चिंता
इस वीडियो में सुनील लहरी ने खाने-पीने की चीजों में हो रही मिलावट पर भी गहरी चिंता जताई। वीडियो साझा करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा कि खाद्य पदार्थों में जिस हद तक मिलावट हो रही है उसका कोई हिसाब नहीं है और मिलावट करने वालों को कानून का भी कोई डर नहीं रह गया है। उन्होंने सलाह दी कि बेहतर है कि हम खुद ही अपना भोजन उगाएं और खाएं। उन्होंने अपने इस छोटे से प्रयास का जिक्र करते हुए लोगों से अपील की कि सबको अपनी खिड़कियों और बालकनी पर भी इस तरह की कोशिश करनी चाहिए।
फैंस हुए हैरान
वीडियो में सुनील लहरी खुद खेतों में काम करते दिखाई देते हैं। अपनी फसल दिखाने के साथ-साथ वह मोरिंगा तोड़ते भी नजर आए। उनका कहना है कि उन्होंने अपने खेतों में जितनी भी सब्जियां और फल उगाए हैं, वे पूरी तरह ऑर्गेनिक हैं और उनमें किसी प्रकार के हानिकारक पदार्थ का इस्तेमाल नहीं किया गया है। यह वीडियो देखने के बाद उनके प्रशंसक हैरानी जता रहे हैं और कई लोगों ने कमेंट कर पूछा कि आखिर वह इतना सबकुछ कैसे संभाल लेते हैं। इससे पहले सुनील अपने भाई के बेटे और उनके बच्चों के साथ फार्म पर गए थे, जहां वह बच्चों संग मस्ती करते दिखे थे।
https://www.indiatv.in/entertainment/tv/sunil-lahri-best-known-for-playing-lakshman-in-ramayan-now-growing-cashew-papaya-banana-and-vegetables-in-his-farm-2026-06-13-1224867