83 की उम्र में भी थकान को मात, अमिताभ बच्चन ने एक ही दिन में शूट कीं 12 शॉर्ट फिल्में और 2 फोटोशूट

मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में बताया कि उन्होंने एक ही दिन में 12 शॉर्ट फिल्मों की शूटिंग के साथ 2 फोटोशूट भी पूरे किए। 83 साल की उम्र में उनकी इस कार्यक्षमता को देखकर फैंस हैरान हैं।

बॉलीवुड के मेगास्टार अमिताभ बच्चन 83 साल के हो चुके हैं, लेकिन उनकी काम के प्रति लगन किसी युवा कलाकार से कम नहीं है। रोज घंटों सेट पर बिताना और फिर देर रात अपने ब्लॉग के जरिए फैंस से जुड़ना उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन चुका है। हाल ही में बिग बी ने अपने एक ब्लॉग में खुलासा किया कि उन्होंने महज एक दिन में 12 शॉर्ट फिल्मों की शूटिंग की और साथ ही दो फोटोशूट भी निपटा दिए। उनकी यह ऊर्जा देखकर सोशल मीडिया पर लोग हैरान रह गए कि इस उम्र में भी वह इतना सब कुछ कैसे कर पाते हैं। ब्लॉग में अभिनेता ने काम और प्रशंसकों से जुड़े रहने के अपने जज्बे का जिक्र करते हुए लिखा कि "काम तो काम है" और यह सिलसिला कभी थमना नहीं चाहिए।

एक ही दिन में 12 शॉर्ट फिल्में और दो फोटोशूट

अपने ताजा ब्लॉग में अमिताभ बच्चन ने बताया कि वह दिनभर किस तरह घंटों मेहनत करते हैं। एक ही दिन में पहले 12 शॉर्ट फिल्मों की शूटिंग और फिर दो फोटोशूट पूरे करने वाली उनकी फुर्ती ने फैंस को हैरान कर दिया है। बिग बी ने अपने ब्लॉग में लिखा- "काम तो काम है... काम तो काम है... काम तो काम है...!!! आज 12 शॉर्ट फिल्में शूट कीं और दो फोटोशूट पूरे किए और अब मैं आप लोगों के लिए काम कर रहा हूं। बिना किसी देरी के जुड़े रहने का ये सिलसिला भी तो काम ही है। बाकी सब तो चलता रहेगा मगर ये काम नहीं रुकना चाहिए!! कई दिनों की तैयारी के बाद भी, पूरी लगन से पढ़ाई करना... और हालात के आगे कभी समझौता न करना और अपने रुख पर डटे रहना।"

'कल्कि 2898 AD' के सीक्वल में व्यस्त

वर्क फ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन इन दिनों नाग अश्विन के निर्देशन में बन रही 'कल्कि 2898 AD' के सीक्वल में जुटे हुए हैं। यह एक माइथोलॉजिकल साइंस-फिक्शन फिल्म है, जिसमें प्रभास मुख्य भूमिका में हैं। प्रभास और अमिताभ बच्चन के अलावा इसमें कमल हासन और तृप्ति डिमरी जैसे बड़े सितारे भी नजर आएंगे। फिल्म के दूसरे भाग की शूटिंग शुरू हो चुकी है और कहा जा रहा है कि इसमें अमिताभ बच्चन और कमल हासन के बीच एक जबरदस्त फाइट सीन भी दर्शकों को देखने को मिलेगा।

पहले भाग को मिली थी जबरदस्त सफलता

'कल्कि 2898 एडी' का पहला भाग साल 2024 में रिलीज हुआ था और इसे दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला था। फिल्म का यह हिस्सा 2898 AD के भविष्य में काशी शहर पर आधारित था, जिसमें एक ऐसे समूह की कहानी दिखाई गई थी जो लैब सब्जेक्ट SUM-80 के होने वाले बच्चे की रक्षा करने के मिशन पर है। माना जाता है कि यही बच्चा भगवान विष्णु का आखिरी अवतार 'कल्कि' है। पहले भाग में प्रभास, अमिताभ बच्चन और कमल हासन के साथ दीपिका पादुकोण मुख्य भूमिका में थीं, लेकिन दूसरे भाग में उनकी जगह तृप्ति डिमरी ने ले ली है।

https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/amitabh-bachchan-shoots-for-12-short-films-and-2-photoshoot-in-just-1-days-says-work-is-work-2026-06-13-1224848