इंग्लैंड के दौरे पर खेली जा रही तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के बाकी बचे 2 मुकाबलों के लिए न्यूजीलैंड ने अपने स्क्वाड में बड़ा बदलाव किया है। कीवी टीम ने 33 साल के बल्लेबाज विल यंग को दल में शामिल करने का फैसला किया है। यह कदम तब उठाना पड़ा जब केन विलियमसन ने 12 जून को अचानक इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी। विल यंग 14 जून को इंग्लैंड पहुंचेंगे और सोमवार से टीम के साथ ट्रेनिंग सेशन में हिस्सा लेना शुरू कर देंगे। सीरीज का दूसरा मुकाबला 17 जून से द ओवल के मैदान पर खेला जाएगा। इससे पहले सीरीज का पहला मैच लॉर्ड्स में खेला गया था, जिसमें इंग्लैंड की टीम जीत दर्ज करने में सफल रही थी।
पिछली बार दिसंबर 2025 में खेला था टेस्ट
इंग्लैंड दौरे के बीच में स्क्वाड का हिस्सा बने विल यंग ने अपना पिछला टेस्ट मुकाबला दिसंबर 2025 में खेला था। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में अपना डेब्यू साल 2020 में किया था, लेकिन इसके बाद से अब तक वह सिर्फ 23 टेस्ट मैच ही खेल पाए हैं। भले ही यंग कीवी टीम में अपनी जगह पूरी तरह पक्की नहीं कर सके हों, लेकिन टॉप ऑर्डर में बल्ले से उनका प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है। साल 2024 में जब न्यूजीलैंड ने भारत के दौरे पर टेस्ट सीरीज 3-0 से अपने नाम की थी, तब विल यंग ने 6 पारियों में 244 रन बनाए थे और इसी प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड भी मिला था।
संन्यास के बाद कुछ दिन टीम के साथ रहेंगे विलियमसन
केन विलियमसन ने अपनी संन्यास से जुड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि वह फिलहाल कुछ समय तक टीम के साथ बने रहेंगे, लेकिन साथ ही टीम को थोड़ा स्पेस भी देंगे। उन्होंने कहा कि टीम में मौजूद कुछ खिलाड़ियों के लिए यह कोई नई बात नहीं है, लेकिन कई लोगों के लिए यह नया अनुभव है, इसलिए आने वाले दिनों में स्थिति बेहतर होती जाएगी। विलियमसन ने यह भी कहा कि वह काफी लंबे समय से इस टीम का हिस्सा रहे हैं और टीम में कई लीडर मौजूद हैं, ऐसे में आगे बढ़ने के लिए कुछ कदम उठाने होंगे।
दूसरी ओर, मेजबान इंग्लैंड ने भी दूसरे टेस्ट के लिए अपने स्क्वाड में दो बदलाव किए हैं। टीम ने कप्तान बेन स्टोक्स के अलावा गस एटकिंसन को बाहर किया है, जबकि जोफ्रा आर्चर और जॉर्डन कॉक्स को दल में शामिल किया गया है।
https://www.indiatv.in/sports/cricket/will-young-has-been-added-to-new-zealand-squad-for-the-remaining-two-tests-against-england-after-kane-williamson-retirement-2026-06-13-1224883