अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी: निर्माण समिति अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा बोले- मेरा काम सिर्फ निर्माण देखना, SOG ने रुदौली से युवक को हिरासत में लिया

राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी पर निर्माण समिति अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने टिप्पणी से इनकार करते हुए कहा कि उनका काम सिर्फ निर्माण की निगरानी करना है। इस बीच SOG ने रुदौली से एक युवक को हिरासत में लिया है, जिसके पास से नकदी भी बरामद हुई है।

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा की प्रतिक्रिया सामने आई है। जब उनसे मंदिर निर्माण की प्रगति और कथित दान घोटाले के आरोपों पर सवाल किया गया, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी जिम्मेदारी केवल निर्माण कार्य की निगरानी तक सीमित है।

निर्माण समिति अध्यक्ष का दो टूक जवाब

मंदिर निर्माण की मौजूदा स्थिति के बारे में नृपेंद्र मिश्रा ने कहा कि वे निर्माण कार्य की जानकारी लेने और उसकी समीक्षा करने पहुंचे हैं। जब पत्रकारों ने कथित चढ़ावा चोरी के आरोपों पर पूछा कि क्या बैठक में इस विषय पर भी चर्चा होगी, तो वे इस पर कोई टिप्पणी करने से बचते दिखे।

उन्होंने दोहराया कि उनका काम सिर्फ निर्माण कार्य पर नजर रखना है। अब सभी की निगाहें निर्माण समिति की बैठक पर टिकी हैं, जिसमें राम मंदिर परियोजना की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।

दानपात्र के मामले में जांच तेज

दूसरी ओर, राम मंदिर के दानपात्रों में जमा चढ़ावे की रकम के कथित गबन के मामले में जांच तेज कर दी गई है। चढ़ावे की गणना से जुड़े कई कर्मचारी जांच एजेंसियों के दायरे में आ गए हैं।

SOG ने रुदौली से युवक को पकड़ा

सूत्रों के हवाले से मिल रही जानकारी के अनुसार, SOG की टीम इस प्रकरण की गहन जांच में जुटी है। रुदौली के शुजागंज क्षेत्र के मीनापुर फगौली निवासी एक युवक को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ कर मामले से जुड़े तथ्य जुटाए जा रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक जांच के दौरान कुछ नकदी भी बरामद हुई है। सीसीटीवी फुटेज को जांच का अहम आधार बनाया गया है, जबकि अन्य तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों की भी पड़ताल जारी है। कई अन्य लोगों की संभावित भूमिका की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस, प्रशासन या मंदिर ट्रस्ट की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/ayodhya-ram-mandir-ayodhya-donation-scam-nripendra-mishra-sog-team-teakes-one-in-custody-10566699.html