फ्रिज में रखते हैं ये 9 फल? जानें कौन-से फलों को ठंडा रखना है बड़ी गलती और क्यों

केला, आम, पपीता समेत कई फल बाजार से लाकर सीधे फ्रिज में रखना सेहत और स्वाद दोनों के लिहाज़ से ठीक नहीं है। जानिए किन 9 फलों को फ्रिज से दूर रखना चाहिए और उन्हें सही तरीके से कैसे स्टोर करें।

हम में से ज़्यादातर लोग रोज़ाना कई तरह के फल खाते हैं। केला, सेब, पपीता, आम और लीची जैसे फल हर घर में आम हैं। इन्हें लंबे समय तक ताज़ा बनाए रखने के लिए लोग अक्सर बाज़ार से लाते ही सीधे फ्रिज में रख देते हैं। गर्मी के मौसम में तो केला, पपीता, आम और अंगूर को फ्रिज में रखना आम बात है। लेकिन सच यह है कि कुछ फलों को फ्रिज में रखना फायदेमंद नहीं, बल्कि नुकसानदेह होता है। आइए जानते हैं कि किन फलों को फ्रिज से दूर रखना चाहिए और इसके पीछे की वजह क्या है।

आम

बहुत से लोग कच्चे आम को लाकर तुरंत फ्रिज में रख देते हैं, जबकि इससे न तो वे जल्दी पकते हैं और न ही उनका असली स्वाद बना रहता है। कच्चे आम को पकने के लिए सामान्य तापमान की ज़रूरत होती है। आम पूरी तरह पक जाने के बाद ही उसे फ्रिज में रखना चाहिए। पका हुआ ठंडा आम खाने में बेहद स्वादिष्ट लगता है।

केला

पके हुए केले को फ्रिज में रखने पर उसका छिलका जल्दी काला पड़ने लगता है। इससे केले के पकने की प्रक्रिया भी धीमी पड़ सकती है और स्वाद के साथ-साथ उसकी बनावट भी बिगड़ जाती है। बेहतर है कि केले को कमरे के सामान्य तापमान पर ही रखा जाए।

पपीता

अगर आपको लगता है कि कच्चा पपीता फ्रिज में रखने से जल्दी पक जाएगा, तो यह गलत धारणा है। ठंडक में रखने से पपीते की प्राकृतिक रूप से पकने की प्रक्रिया रुक सकती है। हां, एक बार पपीता पक जाए तो उसे ठंडा करने के लिए फ्रिज में रखा जा सकता है।

अनानास

अनानास को भी कभी फ्रिज में नहीं रखना चाहिए, क्योंकि यह कमरे के तापमान पर ही ठीक रहता है। हालांकि, अगर कटा हुआ अनानास बच जाए तो उसे एयरटाइट कंटेनर में डालकर फ्रिज में रखा जा सकता है। ऐसा करने से फल ताज़ा और खाने योग्य बना रहता है।

तरबूज

साबुत तरबूज को फ्रिज में रखने की ज़रूरत नहीं होती, लेकिन एक बार काट देने के बाद इसे बाहर न रखकर फ्रिज में ही रखना चाहिए। बिना कटा तरबूज सामान्य तापमान पर दो से तीन दिन तक सुरक्षित रहता है।

खरबूजा

तरबूज की तरह खरबूजे को भी बाहर रखा जा सकता है, लेकिन कटे हुए खरबूजे को एयरटाइट कंटेनर में डालकर फ्रिज में रखें ताकि वह ताज़ा बना रहे। कटे हुए तरबूज और खरबूजे को बाहर छोड़ देने पर उनमें मौजूद नमी के कारण बैक्टीरिया तेज़ी से पनपने लगते हैं।

लीची

ताज़ी लीची को थोड़ी देर के लिए कमरे के तापमान पर रखा जा सकता है, लेकिन ज़्यादा देर बाहर रहने पर यह खराब हो सकती है। अगर इसे कुछ दिनों तक स्टोर करना हो तो फ्रिज बेहतर विकल्प साबित होता है।

आड़ू और आलूबुखारा

आड़ू और आलूबुखारा को भी बाहर रखा जा सकता है। अगर ये कच्चे हैं तो कमरे के तापमान पर रखने से ही सही तरीके से पकते हैं और इनका स्वाद भी बरकरार रहता है। फ्रिज में रखने से इनके पकने की प्रक्रिया धीमी हो जाती है। हां, पक जाने के बाद इन्हें ताज़ा रखने के लिए फ्रिज में रखा जा सकता है।

फ्रिज में रखने से क्या नुकसान होता है

कुछ फलों को फ्रिज में रखने से उनका प्राकृतिक स्वाद कम हो जाता है। इनकी बनावट कहीं नरम तो कहीं सख्त हो सकती है, पकने की प्रक्रिया धीमी पड़ जाती है और छिलका जल्दी काला या खराब दिखने लगता है।

सही तरीके से फल कैसे रखें

कच्चे फलों को हमेशा पहले कमरे के तापमान पर पकने दें और इसके बाद ही उन्हें ठंडा करने के लिए फ्रिज में रखें। कटे हुए फलों को हमेशा एयरटाइट कंटेनर में रखकर ही फ्रिज में रखें और दो दिनों के भीतर ही खाकर खत्म कर दें।

https://hindi.news18.com/photogallery/lifestyle/recipe-never-keep-these-9-fruits-in-fridge-when-its-raw-know-here-why-in-hindi-which-fruits-to-keep-in-fridge-and-when-10565855.html