फीफा विश्व कप 2026 की मेजबानी कर रहे अमेरिका ने अपने अभियान की शुरुआत यादगार अंदाज में की। टीम ने अपने पहले ही मुकाबले में पराग्वे को 4-1 से शिकस्त देकर विश्व कप के इतिहास में अपनी सबसे बड़ी जीत हासिल की। इससे पहले अमेरिका ने इस टूर्नामेंट में कभी भी तीन से ज्यादा गोल नहीं दागे थे।
यह जीत कई मायनों में खास रही। अमेरिका ने 32 साल बाद अपनी घरेलू धरती पर खेले जा रहे विश्व कप में ओपनिंग मैच जीतकर एक नया अध्याय लिखा।
पहले हाफ में दिखा दबदबा
मुकाबले के पहले हाफ में फोलारिन बालोगुन के दमदार खेल ने मेजबान टीम को मजबूत बढ़त दिलाई। अमेरिकी टीम ने मध्यांतर तक ही तीन गोल दाग दिए, जो विश्व कप में किसी एक हाफ में उसका सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड बन गया।
अमेरिका ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक तेवर अपनाए। हालांकि टीम का खाता एक आत्मघाती गोल से खुला। इसके बाद बालोगुन ने 31वें मिनट में और फिर पहले हाफ के इंजरी टाइम में गोल दागकर अमेरिका को मध्यांतर तक 3-0 की मजबूत बढ़त दिला दी।
पुलिसिच का अहम योगदान
क्रिश्चियन पुलिसिच ने पहले हाफ में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक गोल कराने में मदद की। उनके आक्रामक खेल ने पराग्वे की रक्षापंक्ति पर लगातार दबाव बनाए रखा।
चौथे गोल के साथ बना रिकॉर्ड
दूसरे हाफ के इंजरी टाइम के अंतिम क्षणों में जियो रेना ने एक और गोल दागकर स्कोर 4-1 कर दिया। इसके साथ ही अमेरिकी टीम ने विश्व कप के किसी मुकाबले में पहली बार चार गोल करने का कारनामा कर दिखाया।
https://hindi.news18.com/news/sports/football-fifa-world-cup-usa-made-history-defeating-paraguay-winning-opening-match-at-home-for-first-time-in-32-years-10566019.html