फीफा वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत सह-मेजबान अमेरिका के लिए बेहद यादगार रही। टूर्नामेंट के अपने पहले ही मुकाबले में अमेरिकी टीम ने पराग्वे को 4-1 के बड़े अंतर से मात देकर एक नया कीर्तिमान अपने नाम कर लिया। पूरे मैच में अमेरिकी खिलाड़ियों का दबदबा बना रहा और उन्होंने प्रतिद्वंद्वी को संभलने तक का मौका नहीं दिया। यह जीत अमेरिकी फुटबॉल के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि वर्ल्ड कप के इतिहास में यह पहला अवसर है जब अमेरिका ने किसी एक मुकाबले में चार गोल दागे हों। यह उनका अब तक का सबसे दमदार प्रदर्शन रहा, जिसमें स्टार खिलाड़ी फोलारिन बालोगुन ने अकेले दो गोल किए।
पहले हाफ में छाई रही अमेरिकी टीम
मुकाबले की शुरुआत से ही अमेरिकी खिलाड़ियों ने आक्रामक तेवर दिखाए और इसका फायदा उन्हें फौरन मिल गया। मैच के 7वें मिनट में डेमियन बोबाडिला ने शानदार गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। पराग्वे इस झटके से उबर भी नहीं पाई थी कि फोलारिन बालोगुन का कमाल देखने को मिला। बालोगुन ने 31वें मिनट में पराग्वे के डिफेंडरों को चकमा देते हुए दूसरा गोल किया और फिर पहले हाफ के इंजुरी टाइम में एक और गोल दागकर स्कोर को 3-0 तक पहुंचा दिया। पहले हाफ की समाप्ति तक पराग्वे एक भी गोल नहीं कर सकी और मैच पूरी तरह अमेरिका के नियंत्रण में रहा।
दूसरे हाफ में पराग्वे को मिली एक सफलता
पहले हाफ में बुरी तरह पिछड़ने के बाद पराग्वे ने दूसरे हाफ में अपनी रणनीति में बदलाव किया और बेहतर खेल दिखाने की कोशिश की। उनका यह प्रयास 73वें मिनट में सफल हुआ, जब मॉरिसियो ने गोल कर स्कोर को 3-1 कर दिया। इस गोल से टीम की वापसी की उम्मीदें जरूर जगीं, लेकिन अमेरिका ने इसके बाद और भी आक्रामक अंदाज में खेलना शुरू कर दिया। निर्धारित 90 मिनट का खेल पूरा होने के बाद रेफरी ने 7 मिनट का अतिरिक्त समय जोड़ा, जिसमें पराग्वे स्कोर बराबर करने की पूरी कोशिश में जुटी रही। मगर मुकाबला समाप्त होने से कुछ सेकंड पहले अमेरिका के गियोवानी रेयना ने एक बेहतरीन काउंटर-अटैक पर शानदार गोल कर दिया। इस गोल के साथ स्कोर 4-1 हो गया और अमेरिका ने धमाकेदार जीत दर्ज कर ली।
https://www.indiatv.in/sports/other-sports/fifa-world-cup-2026-u-s-wins-4-1-against-paraguay-in-their-first-match-folarin-balogun-shoots-2-goal-2026-06-13-1224813