नाश्ते में बनाएं प्याज का चटपटा पराठा, कुछ ही मिनटों में तैयार, यहां देखें आसान विधि

गर्मियों के नाश्ते के लिए प्याज का पराठा एक बेहतरीन विकल्प है। जानिए घर पर बिना फटे, स्वादिष्ट और क्रिस्पी प्याज पराठा बनाने की पूरी विधि।

सुबह के नाश्ते में पराठा भारतीय घरों की पहली पसंद माना जाता है। ज्यादातर लोग इसे बड़े चाव से खाते हैं और यह सबसे लोकप्रिय व्यंजनों में गिना जाता है। आमतौर पर घरों में आलू, गोभी और पनीर का पराठा नाश्ते का हिस्सा बनता है, लेकिन गर्मियों के मौसम में प्याज का पराठा एक शानदार विकल्प साबित होता है। यह खाने में जितना स्वादिष्ट होता है, बनाने में उतना ही सरल भी है। बस इसे तैयार करते समय कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना जरूरी है ताकि पराठा फटे नहीं। आइए जानते हैं घर पर प्याज का पराठा बनाने की पूरी विधि।

आवश्यक सामग्री

  • गेहूं का आटा - 2 कप
  • प्याज - 2 (बारीक कटे हुए)
  • हरी मिर्च - 2 (बारीक कटी हुई)
  • हरा धनिया - बारीक कटा हुआ
  • अजवाइन - ½ छोटा चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर - ½ छोटा चम्मच
  • चाट मसाला या अमचूर - ½ छोटा चम्मच
  • नमक - स्वादानुसार
  • तेल या घी - पराठा सेकने और मोयन के लिए

स्टेप 1 : आटा गूंथें

सबसे पहले एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा निकाल लें। इसमें थोड़ा नमक और 1 चम्मच तेल डालकर अच्छी तरह मिलाएं। चाहें तो स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें अजवाइन भी मिला सकते हैं। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें और इसे ढककर 10 मिनट के लिए रख दें ताकि यह अच्छी तरह सेट हो जाए।

स्टेप 2 : भरावन तैयार करें

एक बाउल में बारीक कटे हुए प्याज, हरी मिर्च और हरा धनिया डालें। इसके बाद इसमें अजवाइन, लाल मिर्च पाउडर और चाट मसाला मिला दें ताकि भरावन का मिश्रण तैयार हो जाए।

स्टेप 3 : पराठा भरें और बेलें

गूंथे हुए आटे से मध्यम आकार की लोइयां बना लें। एक लोई को थोड़ा सूखा आटा लगाकर पूरी के आकार में बेल लें और उसके बीच में 2-3 चम्मच प्याज का मिश्रण रखें। ऊपर से थोड़ा नमक छिड़क दें। अब चारों ओर के किनारों को उठाकर पोटली की तरह बंद कर दें। इसे हाथों से हल्के से दबाएं और सूखे आटे की मदद से धीरे-धीरे पराठे के आकार में बेल लें।

स्टेप 4 : पराठा सेकें

तवे को गैस पर अच्छी तरह गरम करें और बेले हुए पराठे को उस पर डाल दें। जब एक तरफ से हल्का सिक जाए तो इसे पलट दें। अब दोनों तरफ घी या तेल लगाएं और कलछी से हल्का दबाते हुए सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेकें। तैयार पराठे को गरमागरम चाय या चटनी के साथ परोसें।

https://www.indiatv.in/lifestyle/recipes/make-delicious-onion-parathas-for-breakfast-it-will-be-ready-in-minutes-note-down-the-recipe-2026-06-13-1224824