बिहार के कटिहार जिले में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। यह घटना कोढ़ा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 31 पर जुराबगंज के समीप हुई। बताया जा रहा है कि यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, जिसमें करीब 25 से 35 यात्री घायल हो गए। इनमें से 12 से 15 लोगों की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। सभी गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए पूर्णिया सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना शनिवार की अहले सुबह करीब 3 बजे उस समय हुई, जब सामने से आ रही एक अनियंत्रित कार को बचाने के प्रयास में बस चालक अपना संतुलन खो बैठा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार के टकराते ही बस पलट गई और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय कोढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया।
कार को बचाने के प्रयास में पलटी यात्रियों से भरी बस
जुराबगंज के पास हुए इस हादसे को लेकर बताया जा रहा है कि बस में करीब 60 से 70 यात्री सवार थे। यह बस नवादा जिले के एक ईंट भट्ठे से मजदूरों को लेकर पश्चिम बंगाल के कूचबिहार की ओर जा रही थी। बस जैसे ही एनएच 31 पर जुराबगंज के पास पहुंची, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर बस के सामने आ गई।
कार की बस से टक्कर हो गई और उस कार को बचाने की कोशिश में बस चालक कृष्ण दास का गाड़ी पर से नियंत्रण छूट गया। इसी वजह से बस सड़क के बीचों-बीच पलट गई।
ग्रामीणों ने शुरू किया बचाव, फिर पहुंची पुलिस
तड़के हुए इस भीषण हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे घायलों को बाहर निकालना शुरू किया।
इसी बीच कोढ़ा थाना पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी गई। पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी कोढ़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
12 से अधिक घायल पूर्णिया रेफर
स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों के अनुसार, अस्पताल लाए गए घायलों में से अधिकांश को प्राथमिक उपचार देकर स्थिर किया गया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को पूर्णिया रेफर कर दिया गया। इनमें 12 से 15 ऐसे यात्री शामिल हैं, जिनके सिर, छाती और हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और कार को अपने कब्जे में ले लिया है और हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सामान्य रूप से बहाल करने में जुट गई है।
https://hindi.news18.com/news/bihar/katihar-nh31-bus-car-collision-korha-katihar-35-injured-12-critical-local18-10565862.html