जयपुर: समाजसेवी विजय शर्मा की नई पहल, महिलाओं, बुजुर्गों और बेटियों के लिए 14 जून से शुरू होगी निशुल्क वाहन सेवा

समाजसेवी विजय शर्मा ने महिलाओं, बेटियों और बुजुर्गों की सुविधा के लिए 14 जून से भंभोरी क्षेत्र में निशुल्क वाहन सेवा शुरू करने का ऐलान किया है। विजेश फाउंडेशन की यह पहल जरूरतमंदों को सुरक्षित और सुगम परिवहन उपलब्ध कराएगी।

जयपुर में समाजसेवा के क्षेत्र में बीते कई वर्षों से सक्रिय विजय शर्मा एक बार फिर महिलाओं और बुजुर्गों के लिए मददगार बनकर सामने आ रहे हैं। वे अपना विजेश फाउंडेशन चलाते हैं, जिसके माध्यम से जरूरतमंद और वंचित बच्चों को निशुल्क शिक्षा दी जाती है। बच्चों को स्कूलों से जोड़ने का काम भी इसी फाउंडेशन के तहत होता है। शर्मा का मानना है कि शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे गरीब परिवार अपनी आर्थिक स्थिति को सुधार सकते हैं।

अब उन्होंने महिलाओं, बुजुर्गों और लड़कियों के लिए निशुल्क वाहन सेवा शुरू करने की घोषणा की है। यह सेवा 14 जून से भंभोरी गांव क्षेत्र में आरंभ होगी और रुंज्या मोड़ से लेकर इंदोकीया गांव तक संचालित की जाएगी।

लंबे समय से सामाजिक कार्यों से जुड़े हैं विजय शर्मा

विजय शर्मा एक अरसे से सामाजिक गतिविधियों में जुटे हुए हैं। उनके द्वारा चलाया जा रहा विजेश फाउंडेशन समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के लिए कई तरह की सेवाएं उपलब्ध करा रहा है।

बेसहारा लोगों को मिल रहा आश्रय

फाउंडेशन के अंतर्गत संचालित हरि सेवा आश्रम में अनाथ, बेसहारा और सड़कों पर जीवन गुजारने वाले लोगों को आश्रय, भोजन और जरूरी चिकित्सा सुविधाएं दी जाती हैं। आश्रम में रहने वालों की देखभाल के साथ-साथ उनकी सेहत से जुड़ी आवश्यकताओं का भी पूरा ध्यान रखा जाता है।

शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय काम

फाउंडेशन शिक्षा के क्षेत्र में भी बेहतरीन कार्य कर रहा है। जयपुर के गोकुलपुरा और चम्पापुरा इलाके में हरि ज्ञान पाठशाला का संचालन पिछले दो वर्षों से किया जा रहा है। इन पाठशालाओं में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को निशुल्क शिक्षा दी जाती है, ताकि वे बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ सकें। अब इसी कड़ी में फाउंडेशन ने समाज की महिलाओं, बेटियों और बुजुर्गों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए निशुल्क वाहन सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है।

मैजिक के जरिए मिलेगी परिवहन सुविधा

इस योजना के अंतर्गत मैजिक वाहन के माध्यम से सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराया जाएगा। इसका लाभ खासतौर पर उन लोगों को मिलेगा, जिन्हें अस्पताल, स्कूल, कोचिंग सेंटर या अन्य जरूरी कामों के लिए आने-जाने में परेशानी होती है।

कमजोर वर्ग की मदद ही उद्देश्य

विजय शर्मा ने बताया कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों की सहायता करना ही उनका मकसद है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बुजुर्गों को अक्सर आवागमन से जुड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, ऐसे में यह सेवा उनके लिए राहत का जरिया बनेगी। उन्होंने आगे भी सामाजिक हित से जुड़ी योजनाओं को बढ़ावा देने की बात कही।

https://hindi.news18.com/news/rajasthan/jaipur-know-about-free-vehicle-services-from-vijesh-foundation-local18-10565223.html