मंदिर के बाहर कचरे के डिब्बे में बोरी में बंद मिली नवजात बच्ची, अस्पताल में चल रहा इलाज

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण इलाके में एक मंदिर के बाहर कचरे के डिब्बे के पास रखी बोरी में करीब 6 से 7 दिन की नवजात बच्ची मिली। फिलहाल बच्ची की हालत स्थिर है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण इलाके से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। यहां श्री विट्ठल मंदिर के बाहर कचरे के डिब्बे के पास रखी एक बोरी में करीब 6 से 7 दिन की नवजात बच्ची मिली। दुनिया को ठीक से देख भी न पाई इस मासूम को इस तरह लावारिस छोड़ दिए जाने की घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।

सुबह बोरी पर पड़ी नजर, अंदर मिली मासूम

घटना शुक्रवार तड़के की है। चिकनिपाड़ा स्थित श्री विट्ठल मंदिर के बाहर एक पेड़ के नीचे कचरे का डिब्बा रखा था। सुबह जब मंदिर में आने-जाने वाले लोगों की नजर डिब्बे के पास रखी एक बोरी पर पड़ी तो उन्हें कुछ संदेह हुआ। लोगों ने जैसे ही बोरी खोलकर देखी, उसके भीतर एक नवजात बच्ची मिली। यह खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।

स्थानीय महिला ने अस्पताल पहुंचाया

स्थानीय निवासी पूजा दावेकर ने बिना कोई देरी किए बच्ची को तुरंत रुक्मणीबाई अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। जांच के दौरान राहत की बात यह रही कि बच्ची की हालत फिलहाल स्थिर पाई गई। डॉक्टरों के मुताबिक नवजात की उम्र करीब 6 से 7 दिन है और उसे जरूरी इलाज दिया जा रहा है। अस्पताल की डॉ. सुलोचना त्रिभुवन ने बच्ची की प्राथमिक जांच कर उसकी देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित की है।

लोगों में फूटा गुस्सा

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके के लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। स्थानीय लोगों ने नवजात को इस तरह लावारिस छोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि एक मासूम को कचरे के डिब्बे में छोड़ देना बेहद अमानवीय और शर्मनाक कृत्य है।

शिशु गृह भेजने की तैयारी

दूसरी ओर, अस्पताल प्रशासन ने कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। बच्ची को आगे की देखभाल और संरक्षण के लिए शिशु गृह भेजने की तैयारी की जा रही है, ताकि उसे सुरक्षित माहौल मिल सके।

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले की सूचना मिलते ही कोलसेवाड़ी पुलिस भी सक्रिय हो गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मंदिर परिसर के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा स्थानीय दुकानदारों, मंदिर से जुड़े लोगों और आसपास के निवासियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और बच्ची को वहां छोड़ने वाले व्यक्ति या लोगों की पहचान करने की कोशिश जारी है।

https://hindi.news18.com/news/crime/7-day-baby-girl-found-in-garbage-bin-kalyan-thane-police-investigation-cctv-10565286.html