'नुक्कड़', 'जबान संभाल के' और 'हेलो ब्रदर' जैसे टीवी शोज और फिल्मों में अपने यादगार अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले दिग्गज कलाकार दिनयार तिरंदाज का मुंबई में निधन हो गया। अपनी कॉमेडी और पारसी किरदारों को बेहद मजेदार अंदाज में निभाने के कारण वे दर्शकों की कई पीढ़ियों के बीच बेहद लोकप्रिय रहे। उनके निधन की खबर गुरुवार, 11 जून 2026 को सोशल मीडिया पर सामने आई, जिसके बाद उनके सहकर्मियों, प्रशंसकों और फिल्म जगत के लोगों ने गहरा शोक जताया।
69 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
इस दुखद खबर को सबसे पहले फेसबुक ग्रुप पारसी जोरोस्ट्रियन्स वर्ल्डवाइड – द हैदराबादी पेज ने साझा किया था। पोस्ट में बताया गया, 'स्वर्गीय रुस्तम तिरंदाज के भाई श्री दिनयार तिरंदाज का निधन हो गया है। आज दोपहर 3:45 बजे वाडिया बंगली, बॉम्बे में अंतिम संस्कार (पैदस्त) होगा।' इसके बाद कई इंस्टाग्राम पेजों ने भी इस खबर को रीपोस्ट किया, जिससे उनके चाहने वाले और परिवारजन स्तब्ध रह गए। फेसबुक पोस्ट के मुताबिक तिरंदाज ने मुंबई के वाडिया बंगली में दोपहर 3:45 बजे आखिरी सांस ली।
कौन थे दिनयार तिरंदाज
दिनयार तिरंदाज ने अभिनय की शुरुआत 1984 की फिल्म 'दुनिया' से की और धीरे-धीरे मनोरंजन की दुनिया में अपनी अलग जगह बनाई। टेलीविजन पर वे 'नुक्कड़' और 'ब्योमकेश बख्शी' जैसे चर्चित शोज में नजर आए, जहां अलग-अलग तरह के किरदार निभाने की उनकी क्षमता और अभिनय की खूब सराहना हुई। हालांकि, मशहूर सिटकॉम 'जबान संभाल के' में मिस्टर केकी दारूवाला का किरदार उनके करियर का सबसे खास पड़ाव साबित हुआ। उनका यह अनोखा और प्यारा किरदार भारतीय टेलीविजन पर पारसी समुदाय और दर्शकों के बीच बेहद पसंद किया गया।
तीनों खान के साथ किया काम
टेलीविजन के अलावा दिनयार तिरंदाज कई हिंदी फिल्मों में भी दिखाई दिए। उन्होंने सलमान खान की 'हेलो ब्रदर' और 'मैंने प्यार क्यों किया', शाहरुख खान की 'चलते-चलते' और 'राजू बन गया जेंटलमैन', आमिर खान की 'दिल है कि मानता नहीं' और 'दरार' के साथ-साथ 'कमाल धमाल मालामाल', 'अलबेला', 'राजाजी' और 'क्या कूल हैं हम' जैसी फिल्मों में काम किया। पर्दे पर वे आखिरी बार 2017 की गुजराती फैमिली ड्रामा फिल्म 'वॉट्स...अप! जिंदगी' में नजर आए थे।
https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/nukkad-actor-dinyar-tirandaz-passes-away-at-69-in-mumbai-who-worked-with-salman-khan-srk-and-aamir-khan-2026-06-12-1224774