बीते 24 घंटों के भीतर तेजी से कदम उठाते हुए यूपी पुलिस ने ऐसे दो युवकों की जान बचा ली, जो अपनी जिंदगी खत्म करने की राह पर बढ़ चुके थे। इनमें से एक युवक गौतम बुद्ध नगर का रहने वाला है, जो अपनी गर्लफ्रेंड से रिश्ता टूटने के बाद आत्महत्या का कदम उठाने जा रहा था। वहीं दूसरा युवक अपनी मंगेतर द्वारा नंबर ब्लॉक कर दिए जाने से इतना परेशान हो गया कि उसने भी जान देने की ठान ली थी। दोनों ने यह कदम उठाने से पहले सोशल मीडिया पर रील बनाकर उसे इंस्टाग्राम पर साझा किया था। इसके बाद मेटा ने इसका अलर्ट पुलिस मुख्यालय की सोशल मीडिया सेल को भेजा और पुलिस ने मिनटों में दोनों की लोकेशन पर पहुंचकर उनकी जान बचा ली।
"यह मेरी आखिरी वीडियो है, क्या पता फिर रहूं या नहीं"
गौतम बुद्ध नगर में रहने वाला 24 साल का यह युवक गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप के बाद बेहद हताश था और उसने अपनी जिंदगी खत्म करने का फैसला कर लिया था। आत्महत्या के इरादे से उसने नींद की कई गोलियां खा लीं और इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट डाली, जिसमें लिखा था कि यह उसकी आखिरी वीडियो है और पता नहीं वह फिर रहेगा या नहीं। इसकी सूचना मेटा कंपनी ने 12 मई को रात 12 बजकर 12 मिनट पर पुलिस मुख्यालय भेजी। इसके बाद गौतम बुद्ध नगर की पुलिस महज पांच मिनट में बताई गई लोकेशन पर पहुंच गई और युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचा ली गई।
मंगेतर के नंबर ब्लॉक करने से टूट गया था युवक
आत्महत्या की कोशिश का दूसरा मामला कानपुर का है, जहां 30 साल का एक युवक अपनी मंगेतर द्वारा नंबर ब्लॉक किए जाने से बुरी तरह परेशान था। युवक ने छत के पंखे में कपड़ा बांधकर गले में फंदा डालते हुए फांसी लगाने की कोशिश की और इसका वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। मेटा ने यह वीडियो 12 मई को रात 12 बजकर दो मिनट पर पुलिस की सोशल मीडिया सेल को ईमेल किया। इसके बाद कानपुर पुलिस सात मिनट में लोकेशन पर पहुंची और युवक के गले से फंदा निकालकर उसकी जान बचाई। युवक ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी तय हो चुकी थी, लेकिन कुछ दिनों से उसकी मंगेतर ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया था, जिससे आहत होकर वह यह कदम उठाने जा रहा था।
मेटा के साथ मिलकर अब तक 3000 से अधिक लोगों की जान बचा चुकी है यूपी पुलिस
यूपी पुलिस और मेटा कंपनी ने साल 2022 में हाथ मिलाकर ऐसे लोगों को आत्महत्या से बचाने का काम शुरू किया, जो फेसबुक या इंस्टाग्राम पर आत्महत्या से जुड़ी पोस्ट करते हैं या रील बनाते हैं। मेटा कंपनी इसकी जानकारी ईमेल के जरिए यूपी पुलिस तक पहुंचाती है। जनवरी 2023 से 8 जून 2026 तक ऐसे अलर्ट के आधार पर यूपी पुलिस अब तक 3081 लोगों को आत्महत्या करने से रोक चुकी है। मेटा के सुसाइडल अलर्ट पर इस तरह लोगों की जान बचाने के लिए यूपी पुलिस को SKOCH Award-2025 भी मिल चुका है।
https://www.indiatv.in/uttar-pradesh/two-young-men-were-about-to-commit-suicide-following-a-breakup-the-up-police-arrived-within-minutes-and-saved-their-lives-2026-06-12-1224745