Moto G Max 5G लॉन्च: 220 मेगापिक्सल कैमरे के अलावा ये खूबियां भी हैं खास

मोटोरोला ने अपना नया Moto G Max 5G पेश किया है, जिसमें 200MP कैमरा, 5,000 nits ब्राइटनेस वाली डिस्प्ले और मिलिट्री-ग्रेड मजबूती दी गई है. जानिए इसकी कीमत और बाकी फीचर्स.

मोटोरोला ने स्मार्टफोन बाजार में नई हलचल मचाने के मकसद से अपना दमदार फोन Moto G Max 5G उतार दिया है. फिलहाल इसे ब्राजील के बाजार में लॉन्च किया गया है और जल्द ही यह दूसरे देशों में भी आ सकता है. इस फोन की सबसे बड़ी खासियत इसका 200 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा है, जबकि कंपनी सॉफ्टवेयर एन्हांसमेंट के जरिए 220MP तक की सुपर-डिटेलिंग देने का दावा कर रही है.

हालांकि इस फोन में सिर्फ कैमरा ही खास नहीं है. दमदार प्रोसेसर से लेकर मिलिट्री-ग्रेड मजबूती तक, इसमें कई शानदार फीचर्स मौजूद हैं. माना जा रहा है कि अन्य देशों में इसे Moto G87 नाम से पेश किया जा सकता है. इसके फीचर्स ऐसे हैं कि यह सीधे तौर पर प्रीमियम फोन्स को चुनौती देता दिख रहा है.

कीमत और कलर ऑप्शन

इस फोन का सिर्फ एक ही वेरिएंट उतारा गया है, जिसमें 8GB रैम और 256GB स्टोरेज मिलती है. इसे करीब 47,000 रुपये (BRL 2,519.10) में लॉन्च किया गया है. खरीदार इसे ब्लू और ग्रेफाइट दो रंगों में चुन सकते हैं.

शानदार डिस्प्ले और मजबूती

Moto G Max 5G में 6.8 इंच की 1.5K सुप्रीम AMOLED डिस्प्ले दी गई है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करती है. इसकी सबसे बड़ी खूबी 5,000 nits की पीक ब्राइटनेस है, जिसके चलते तेज धूप में भी स्क्रीन एकदम साफ नजर आती है. स्क्रीन की सुरक्षा के लिए इस पर कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास 7i का प्रोटेक्शन मिलता है.

मजबूती के मामले में भी यह फोन पीछे नहीं है. इसे IP66, IP68 और IP69 रेटिंग मिली हुई है, यानी धूल और पानी की तेज बौछारों का भी इस पर असर नहीं पड़ता. इसके अलावा इसे MIL-STD-810H मिलिट्री-ग्रेड सर्टिफिकेट मिला है, जो इसे बेहद कठिन हालात में भी टूटने-फूटने से बचाता है.

प्रोसेसर और परफॉर्मेंस

परफॉर्मेंस के लिए फोन में MediaTek Dimensity 6400 प्रोसेसर दिया गया है, जो भारी गेमिंग और मल्टीटास्किंग को आसानी से संभाल लेता है. इसमें 8GB रैम है, जिसे वर्चुअल रैम फीचर के जरिए 16GB तक बढ़ाया जा सकता है. यह फोन लेटेस्ट Android 16 पर आधारित Hello UI पर चलता है, जो यूजर्स को स्मूथ और क्लीन एक्सपीरियंस देता है.

कैमरा और बैटरी

रियर में 200MP (220MP एन्हांसमेंट) मेन कैमरा OIS यानी ऑप्टिकल इमेज स्टेबलाइजेशन के साथ आता है, जिससे बिना हिले बेहतरीन तस्वीरें ली जा सकती हैं. इसके साथ 8MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा भी मौजूद है. सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए फ्रंट में 32MP का कैमरा है, जिससे 2K वीडियो रिकॉर्डिंग की जा सकती है.

पावर के लिए फोन में 5,200mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 33W टर्बोपावर चार्जिंग को सपोर्ट करती है. कंपनी का दावा है कि एक बार चार्ज करने पर यह फोन 35 घंटे तक आराम से चल सकता है.

https://hindi.news18.com/news/tech/gadgets-moto-g-max-5g-launch-price-specifications-features-220mp-camera-ws-l-10564526.html