शरीर को ठीक तरह से काम करते रहने के लिए भरपूर पोषण की जरूरत पड़ती है और इसमें सबसे अहम भूमिका कैल्शियम की होती है। जब शरीर में कैल्शियम की मात्रा घटने लगती है तो कई दिक्कतें सामने आती हैं, जिनमें हड्डियों का कमजोर होना सबसे आम है। कैल्शियम की कमी की वजह से हड्डियां तय उम्र से पहले ही कमजोर पड़ने लगती हैं। ऐसे में खानपान में थोड़े जरूरी बदलाव कर इस कमी को दूर किया जा सकता है। इसके लिए आप अपनी डाइट में डेयरी प्रोडक्ट्स, हरी सब्जियां और साबुत अनाज को जगह दे सकते हैं। इसके साथ ही कुछ खास ड्राई फ्रूट्स भी हड्डियों को मजबूती देने में बड़ी भूमिका निभाते हैं। आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ सूखे मेवों के बारे में, जिन्हें अपनी दिनचर्या में शामिल कर आप हड्डियों को सेहतमंद रख सकते हैं।
1. बादाम
बादाम को हड्डियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं माना जाता। इसमें कैल्शियम और विटामिन-ई भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं। कैल्शियम जहां हड्डियों का घनत्व बढ़ाता है, वहीं इसमें पाया जाने वाला मैग्नीशियम शरीर को कैल्शियम सोखने में मदद करता है। रोज सुबह 5-6 भीगे हुए बादाम खाने से हड्डियां मजबूत बनती हैं, इसलिए इसका सेवन जरूर करें।
2. अंजीर
अगर आप चाहते हैं कि बुढ़ापे तक आपकी हड्डियां मजबूत बनी रहें तो सूखे अंजीर को अपनी डाइट का हिस्सा बनाइए। अंजीर कैल्शियम का बेहतरीन स्रोत माना जाता है। खास बात यह है कि आधा कप अंजीर में लगभग उतना ही कैल्शियम होता है, जितना एक कप दूध में मिलता है। इसके अलावा अंजीर में पोटेशियम भी पाया जाता है, जो शरीर से कैल्शियम की हानि को रोकने में मदद करता है।
3. काजू
काजू में मैग्नीशियम और कॉपर की भरपूर मात्रा होती है। मैग्नीशियम हड्डियों के लचीलेपन और बनावट को बेहतर बनाता है, जबकि कॉपर उस कोलेजन के निर्माण में मदद करता है जो जोड़ों को मजबूती देता है। हालांकि इसका सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए।
4. किशमिश
किशमिश में बोरॉन नाम का खनिज पाया जाता है, जो हड्डियों और जोड़ों की सेहत के लिए बेहद जरूरी है। बोरॉन शरीर को कैल्शियम और विटामिन-D का प्रभावी ढंग से इस्तेमाल करने में मदद करता है।
5. अखरोट
अखरोट में ओमेगा-3 फैटी एसिड प्रचुर मात्रा में मौजूद होता है। यह हड्डियों की सूजन को कम करने के साथ-साथ उन्हें मजबूती भी देता है। नियमित रूप से अखरोट खाने से हड्डियां सेहतमंद और मजबूत बनी रहती हैं।
https://www.indiatv.in/health/if-you-want-to-strengthen-your-bones-include-these-dry-fruits-in-your-diet-2026-06-12-1224666