जब मौसम खुशनुमा हो और शाम की गरमा-गरम चाय के साथ ताजे पकौड़े मिल जाएं, तो इससे बेहतर भला और क्या होगा। आमतौर पर ज्यादातर लोग चाय के साथ प्याज और आलू के पकौड़े खाना पसंद करते हैं, लेकिन क्या कभी आपने मूंग दाल के पकौड़े चखे हैं? स्वाद में ये बेहद लाजवाब होते हैं। हालांकि कई लोगों की शिकायत रहती है कि उनके मूंग दाल के पकौड़े मनचाहे ढंग से नहीं बन पाते। अगर आपके सामने भी यही दिक्कत आती है तो परेशान होने की जरूरत नहीं। यहां हम आपके लिए मूंग दाल के पकौड़े बनाने की एक बेहद आसान रेसिपी लेकर आए हैं, जिसकी मदद से आप घर पर ही एकदम क्रिस्पी पकौड़े तैयार कर सकते हैं। तो आइए, फटाफट नोट कर लीजिए यह रेसिपी।
जरूरी सामग्री
- धुली या छिलके वाली मूंग दाल: 1 कप
- बारीक कटा प्याज: 1 मध्यम आकार का
- हरी मिर्च: 2-3 (बारीक कटी हुई)
- अदरक: 1 इंच का टुकड़ा (कद्दूकस किया हुआ)
- हरा धनिया: आधा कप (बारीक कटा हुआ)
- साबुत धनिया और सौंफ: 1-1 छोटा चम्मच (दरदरा कुटा हुआ)
- हींग: 1 चुटकी
- लाल मिर्च पाउडर: आधा छोटा चम्मच
- चाट मसाला: आधा छोटा चम्मच
- नमक: स्वादानुसार
- तेल: तलने के लिए
बनाने की विधि
स्टेप 1 - दाल पीसें
सबसे पहले भीगी हुई मूंग दाल का सारा पानी अच्छी तरह छानकर निकाल दें। इसके बाद मिक्सर में दाल, अदरक और हरी मिर्च डालकर दरदरा पीस लें। ध्यान रखें कि पीसते समय पानी का इस्तेमाल बिल्कुल न करें, और अगर बहुत जरूरत हो तो सिर्फ 1 चम्मच पानी ही डालें। पेस्ट जितना गाढ़ा रहेगा, पकौड़े उतने ही क्रिस्पी बनेंगे।
स्टेप 2 - मिश्रण को फेंटें
पिसे हुए मिश्रण को एक बड़े बर्तन में निकाल लें और हाथ या चम्मच की मदद से इसे 2-3 मिनट तक अच्छी तरह फेंटें। ऐसा करने से दाल में हवा भर जाती है, जिससे पकौड़े अंदर से सॉफ्ट और बाहर से एकदम कुरकुरे बनते हैं।
स्टेप 3 - मसाले मिलाएं
अब इस मिश्रण में दरदरा कुटा हुआ साबुत धनिया और सौंफ, हींग, लाल मिर्च पाउडर, बारीक कटा प्याज, हरा धनिया और स्वादानुसार नमक डालकर सब कुछ अच्छी तरह मिला लें।
स्टेप 4 - पकौड़े तलें
अब कढ़ाई में तेल गर्म करें। जब तेल अच्छी तरह गरम हो जाए तो उसमें छोटे-छोटे पकौड़े की लोई बनाकर डालें। गैस की आंच को मीडियम कर दें ताकि पकौड़े अंदर तक अच्छी तरह पक सकें। इन्हें पलट-पलट कर गोल्डन ब्राउन और क्रिस्पी होने तक तल लें। तैयार होने पर इन्हें निकालें और गरमा-गरम चाय के साथ इसका आनंद उठाएं।
https://www.indiatv.in/lifestyle/recipes/try-moong-dal-pakodas-with-evening-tea-they-taste-so-good-that-you-ll-forget-all-about-potato-and-onion-pakodas-2026-06-12-1224692