भारत में मानसून दस्तक दे चुका है और बहुत जल्द बिहार समेत बाकी राज्यों में भी इसका असर साफ नजर आने लगेगा। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार यही वह समय होता है, जब बिलों में रहने वाले विषैले जीव बाहर निकलकर किसी सुरक्षित ठिकाने की तलाश में जुट जाते हैं। चिंता की बात यह है कि अधिकतर मामलों में उनकी यह तलाश इंसानी बस्तियों तक पहुंचकर ही खत्म होती है। ग्रामीण इलाका हो या शहरी, बरसात के मौसम में हर जगह सांपों की मौजूदगी बढ़ जाती है। इससे पहले कि किसी जहरीले सांप से आपका सामना हो और हालात गंभीर बन जाएं, यहां ऐसे कुछ सटीक और आसान उपाय बताए जा रहे हैं जिनसे आप सुरक्षित रह सकते हैं।
किन जगहों पर छिपना पसंद करते हैं सांप
वन्यजीवों के क्षेत्र में करीब 20 वर्षों से काम कर रहे विशेषज्ञ अभिषेक बताते हैं कि बारिश में जब पानी बिलों में भरने लगता है, तब उनमें रहने वाले जीव बाहर निकल आते हैं। ऐसी स्थिति में वे ऐसी जगह ढूंढते हैं, जहां न तो ज्यादा रोशनी हो और न ही इंसानों की आवाजाही।
घर की छत या किसी भी कोने में जमा ईंट और लकड़ियों का ढेर, जूते-चप्पल, दीवारों की दरारें, पुराना रखा हुआ सामान, फूस के घरों की छत की दरारें और मिट्टी की फर्श पर बने चूहों के बिल इन जीवों के छिपने के लिए आदर्श ठिकाने बन सकते हैं।
बचाव के लिए क्या करें
ऐसी जगहों पर जाते समय हमेशा अपने साथ एक बड़ा डंडा या रॉड रखना, टॉर्च, मोबाइल फ्लैश या बल्ब आदि से रोशनी करना और पैरों की धमक तेज कर अपनी मौजूदगी का अहसास कराना आपकी सुरक्षा को कई गुना बढ़ा देता है।
इतना ही नहीं, पूरे घर या संकरी जगहों को तेज महक वाले फिनाइल से धोना, चिकन या मछली खाने के बाद उसकी गंध को धोकर मिटा देना और मांस के टुकड़ों को घर के आसपास से हटा देना भी सांपों को आपके घर से दूर रखने में मदद करता है।
सांप का रास्ता न रोकें
इतनी सावधानी के बावजूद अगर कभी सांप से सामना हो ही जाए, तो उस वक्त बिना घबराए किसी बड़ी लकड़ी या हुक की मदद से उसे उठाकर बड़े डिब्बे या मोटे बोरे में डालने की कोशिश करें। हां, इस दौरान ध्यान रखें कि उससे आपकी दूरी पर्याप्त बनी रहे।
अगर आप ऐसा करने की स्थिति में नहीं हैं, तो सांप का रास्ता बिल्कुल न रोकें। उसके आसपास ज्यादा लोगों की भीड़ न जमा होने दें और हर पल उस पर नजर बनाए रखें। संभव है कि पर्याप्त जगह देखकर सांप खुद ही वहां से बाहर निकल जाए। उससे किसी तरह की छेड़छाड़ बिल्कुल न करें।
इन बातों का जरूर रखें ध्यान
अभिषेक के मुताबिक, अगर आप सांप पकड़ने वाले चिमटे का इस्तेमाल करते हैं तो ध्यान रखें कि उससे सांप को चोट न पहुंचे। चिमटे का स्प्रिंग टाइट होता है, जो गलत इस्तेमाल से सांप की रीढ़ की हड्डियों को बेहद आसानी से तोड़ सकता है। ऐसे मामलों में कई बार सांप की जान तक जा चुकी है।
इसलिए बेहतर यही होगा कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सतर्क रहें और जल्द से जल्द वन विभाग को इसकी सूचना दें।
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/tips-and-tricks-snakes-prevention-remedies-in-monsoon-how-to-avoid-deal-local18-ws-l-10564070.html