पति को चिकन राइस लाने भेजा, प्रेमी से करा दी हत्या; फोन पर बोली पत्नी— 'कार्यक्रम ओके'

बीड में किरण सोनवणे की हत्या को सड़क हादसा बताने की कोशिश हुई, लेकिन जांच में पता चला कि पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर साजिश रची थी। पुलिस ने पत्नी, उसके प्रेमी और एक साथी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

बीड पुलिस ने किरण सोनवणे हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है। चौंकाने वाली बात यह रही कि इस वारदात के पीछे किसी अनजान व्यक्ति का नहीं, बल्कि खुद मृतक की पत्नी का हाथ था, जिसने अपने प्रेमी के जरिए पति की हत्या करवाई। पड़ताल पूरी होने के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी समेत कुल तीन आरोपियों को हिरासत में लिया और सभी को जेल भेज दिया गया है।

प्रेमी के साथ पत्नी गिरफ्तार

मिली जानकारी के अनुसार, नेकनूर थाना क्षेत्र के लिंबागणेश इलाके में हुई इस वारदात की जांच के दौरान कई हैरान करने वाले तथ्य उजागर हुए। शुरुआत में इसे एक सामान्य सड़क हादसा समझा जा रहा था, लेकिन गहराई से की गई पड़ताल में यह प्रेम प्रसंग से जुड़ी सुनियोजित हत्या साबित हुई। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी प्रियंका सोनवणे, उसके प्रेमी दारथ परदेशी और उसके साथी धीरज येडे को गिरफ्तार किया है।

हादसे का रूप देने की साजिश

31 मई को सड़क के किनारे मोटरसाइकिल के पास किरण सोनवणे का शव पड़ा मिला था। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को कई ऐसे सुराग मिले जो संदेह पैदा कर रहे थे, जिसके चलते मामले की बारीकी से तहकीकात की गई। इसमें सामने आया कि प्रियंका सोनवणे ने अपने पति किरण को चिकन राइस लाने के बहाने घर से बाहर भेजा और इसकी सूचना अपने प्रेमी दारथ परदेशी तक पहुंचा दी।

पुलिस के मुताबिक, दशरथ परदेशी ने अपने दोस्त धीरज येडे के साथ मिलकर किरण सोनवणे का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपियों ने शव के ऊपर मोटरसाइकिल रख दी ताकि पूरी घटना सड़क दुर्घटना जैसी दिखे। हत्या को अंजाम देने के बाद दारथ परदेशी ने प्रियंका को फोन कर बताया कि 'कार्यक्रम ओके' हो गया है।

वारदात के बाद इंस्टाग्राम पर घंटों बातचीत

जांच में यह भी सामने आया कि हत्या के बाद प्रियंका और दशरथ के बीच इंस्टाग्राम कॉल के जरिए करीब चार से पांच घंटे तक बातचीत होती रही। पुलिस ने मोबाइल फोन और सोशल मीडिया से जुड़े कई अहम डिजिटल सबूत जुटाए हैं, जो इस मामले में निर्णायक भूमिका निभा रहे हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि प्रेम संबंध के अलावा प्रियंका इस बात से भी नाराज थी कि उसका पति शराब पीकर बार-बार उसे परेशान करता था।

https://www.indiatv.in/crime/wife-arrested-with-boyfriend-for-husband-murder-in-beed-2026-06-12-1224676