NEET री-एग्जाम: कड़े सुरक्षा घेरे में होगी परीक्षा, जानें कौन-कौन से बदलाव लागू किए गए

एनटीए ने 21 जून 2026 को होने वाली NEET (UG)-2026 परीक्षा के लिए अवधि बढ़ाकर 195 मिनट कर दी है और रफ काम के पेज दोगुने किए हैं। गोपनीय सामग्री की सुरक्षा के लिए देशभर में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल तैनात किए जाएंगे।

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET (UG)-2026 परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित और उम्मीदवारों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए कराने की प्रतिबद्धता दोहराई है। इसी दिशा में 21 जून 2026 को प्रस्तावित इस परीक्षा के लिए कई ऐसे बदलाव लागू किए गए हैं, जो परीक्षार्थियों के अनुकूल माने जा रहे हैं। बीते वर्षों में मिले सुझावों के आधार पर परीक्षा की अवधि बढ़ाकर 195 मिनट कर दी गई है, जो दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। इस समय में अटेंडेंस शीट पर हस्ताक्षर करने और निगरानी से जुड़ी अन्य ज़रूरी औपचारिकताओं में लगने वाला वक्त भी शामिल रहेगा।

एनटीए के अनुसार, समय में यह बढ़ोतरी इसलिए की गई है ताकि उम्मीदवार परीक्षा के लिए निर्धारित पूरे समय का सही इस्तेमाल कर सकें और उन्हें यह महसूस न हो कि प्रशासनिक प्रक्रियाओं के चलते पेपर हल करने का उनका मौका घट रहा है। इसके साथ ही प्रश्न पत्र पुस्तिका में रफ काम के लिए दी जाने वाली जगह भी बढ़ा दी गई है।

अभूतपूर्व रहेगी सुरक्षा व्यवस्था

सरकारी सूचना का हवाला देते हुए सूत्रों ने बताया कि केंद्र सरकार ने 21 जून को होने वाली NEET 2026 की दोबारा परीक्षा के लिए गोपनीय सामग्री को सुरक्षित ढंग से लाने-ले जाने और संभालने के मकसद से पूरे देश में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के जवान तैनात करने का निर्देश दिया है। सूत्रों के मुताबिक, गृह मंत्रालय ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) को यह जिम्मेदारी सौंपी है कि वे प्रश्न-पत्र और परीक्षा के बाद की OMR उत्तर-पुस्तिकाओं जैसी संवेदनशील सामग्री की आवाजाही के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करें।

NEET (UG)-2026 से जुड़ी अहम जानकारी

  1. एनटीए इस बात के लिए प्रतिबद्ध है कि NEET (UG)-2026 परीक्षा निष्पक्ष, सुरक्षित और उम्मीदवारों की ज़रूरतों के अनुरूप आयोजित हो। इसी कोशिश के तहत 21 जून 2026 की परीक्षा के लिए कई उम्मीदवार-अनुकूल बदलाव किए गए हैं।
  2. परीक्षार्थियों से मिले फीडबैक के आधार पर परीक्षा की अवधि बढ़ाकर 195 मिनट की गई है, जो दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक रहेगी। इसमें अटेंडेंस शीट पर हस्ताक्षर और अन्य इनविजिलेशन प्रक्रियाओं में लगने वाला समय भी जुड़ा है।
  3. बदली हुई अवधि इस तरह तय की गई है कि उम्मीदवार तय समय का भरपूर उपयोग कर सकें और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के कारण उन्हें पेपर हल करने के लिए कम समय मिलने का अहसास न हो।
  4. प्रश्न पत्र पुस्तिका में रफ काम के लिए मिलने वाली जगह भी बढ़ाई गई है। अब उम्मीदवारों को दो के बजाय चार पेज रफ काम के लिए दिए जाएंगे, जिससे उन्हें कैलकुलेशन, डायग्राम और अन्य कार्यों के लिए ज़्यादा जगह मिलेगी।
  5. एक अन्य अहम बदलाव पुस्तिका के डिज़ाइन से जुड़ा है। पहले रफ काम के पेज केवल पुस्तिका के अंत में होते थे। यह व्यवस्था कई परीक्षार्थियों के लिए ठीक थी, लेकिन फीडबैक से सामने आया कि कुछ लोगों, खासकर बाएं हाथ से लिखने वालों के लिए यह कम सुविधाजनक थी।
  6. इस दिक्कत को दूर करने के लिए अब पुस्तिका की शुरुआत में निर्देश वाले पेज के तुरंत बाद रफ काम के दो पेज रखे गए हैं, जबकि दो पेज अंत में भी रहेंगे। यह नया लेआउट प्रश्न पत्र के अंग्रेज़ी और क्षेत्रीय भाषा, दोनों संस्करणों में शामिल किया गया है, ताकि उम्मीदवार अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी पेज का इस्तेमाल कर सकें।
  7. एनटीए का मानना है कि परीक्षा के डिज़ाइन में किए गए छोटे-छोटे सुधार भी इस महत्वपूर्ण परीक्षा के दौरान उम्मीदवारों के अनुभव पर सकारात्मक असर डाल सकते हैं। इसीलिए निष्पक्षता और सुरक्षा के सर्वोच्च मानक बनाए रखते हुए परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सहज और उम्मीदवार-अनुकूल बनाने के लिए ये कदम उठाए गए हैं।
  8. उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे एडमिट कार्ड और इन्फॉर्मेशन बुलेटिन में दिए गए निर्देशों को ध्यान से पढ़ें और परीक्षा के सुचारू संचालन में परीक्षा कर्मचारियों का सहयोग करें।

https://www.indiatv.in/india/national/neet-re-exam-unprecedented-security-lockdown-nta-promise-to-fair-exam-details-2026-06-12-1224649