राजस्थान में सरकारी शिक्षक बनने का सपना संजोए बैठे युवाओं की प्रतीक्षा अब समाप्त हो गई है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने तीसरी श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा यानी 'रीट मेंस 2026' के लेवल-1 (कक्षा 1 से 5) का अंतिम परिणाम और कटऑफ अपनी आधिकारिक वेबसाइट rssb.rajasthan.gov.in पर घोषित कर दिया है। परीक्षा में बैठे करीब 9 लाख अभ्यर्थियों का भविष्य अब पीडीएफ सूची के रूप में सबके सामने है।
बोर्ड ने रिजल्ट के साथ-साथ श्रेणीवार नॉन-टीएसपी और टीएसपी क्षेत्र की कटऑफ भी जारी कर दी है। जिन उम्मीदवारों का चयन इस सूची में हुआ है, उन्हें अब सीधे प्री-डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (Pre-DV) के अगले चरण में शामिल होना होगा, जिसके लिए रोल नंबर वाइज सूची वेबसाइट पर सक्रिय कर दी गई है। यदि भारी ट्रैफिक के कारण आप अब तक परिणाम नहीं देख पाए हैं, तो अपना रोल नंबर तैयार रखें।
कितने पदों के लिए हुई थी परीक्षा
राजस्थान में सरकारी शिक्षक बनने की इस होड़ में कुल 7,759 पदों के लिए मुकाबला हुआ, जिनमें लेवल-1 के 5,636 और लेवल-2 के 2,123 पद शामिल हैं। इन पदों के लिए 9.22 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से लगभग 8.9 लाख परीक्षार्थी परीक्षा हॉल तक पहुंचे थे।
जनवरी में कड़ाके की ठंड के बीच आयोजित इस लिखित परीक्षा के बाद से ही उम्मीदवार नतीजों का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। लेवल-1 का विषयवार परिणाम जारी कर बोर्ड ने प्रदेश के सरकारी स्कूलों को नए शिक्षक उपलब्ध कराने का रास्ता साफ कर दिया है।
जनरल और ओबीसी में कड़ी टक्कर
परिणाम का पीडीएफ सामने आते ही सबकी निगाहें कटऑफ अंकों पर टिक गईं। नॉन-टीएसपी क्षेत्र के लिए सामान्य वर्ग और ओबीसी कैटेगरी के बीच इस बार भी हर बार की तरह अंक-दर-अंक की कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली है। जनरल और महिला उम्मीदवारों के लिए कटऑफ उम्मीद के मुताबिक काफी ऊंची रही, जबकि EWS, एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को भी सीटों के लिए कड़ा मुकाबला करना पड़ा। आदिवासी उपयोजना क्षेत्र (TSP Area) की कटऑफ नॉन-टीएसपी की तुलना में काफी नीचे दर्ज की गई है।
रिजल्ट कैसे चेक करें
परिणाम जारी होते ही सरकारी वेबसाइट का धीमा पड़ना सामान्य बात है। यदि मुख्य पोर्टल काम न करे तो घबराने के बजाय इन आसान चरणों का पालन करें:
- राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rssb.rajasthan.gov.in पर जाएं।
- होमपेज पर नीचे दिख रहे 'Candidate Corner' पर क्लिक करके 'Results' विकल्प चुनें।
- यहां REET Mains Level-1 Result 2026 का डायरेक्ट लिंक दिखेगा, उस पर क्लिक करें।
- आपके सामने पीडीएफ खुलेगा, जिसमें Ctrl + F दबाकर अपना रोल नंबर सर्च करें।
- यदि रोल नंबर हाइलाइट हो जाता है, तो समझ लें कि आप उत्तीर्ण हो गए हैं।
प्री-डीवी के लिए तैयार रखें ये दस्तावेज
चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी होने का यह अर्थ नहीं है कि अगले दिन से ही नियुक्ति मिल जाएगी। जिन उम्मीदवारों के रोल नंबर इस मेरिट सूची में शामिल हैं, उन्हें प्री-डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (Pre-DV) प्रक्रिया के लिए बुलाया जाएगा।
इसके लिए उम्मीदवारों को कक्षा 10वीं और 12वीं की मार्कशीट, रीट पात्रता प्रमाण पत्र, मूल निवास, जाति प्रमाण पत्र तथा आरक्षण से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां और उनके दो सेट सेल्फ-अटेस्टेड फोटोकॉपी तैयार रखनी होंगी। यदि किसी कागज में नाम या स्पेलिंग की गलती है, तो अभी से एफिडेविट बनवा लें।
https://hindi.news18.com/news/career/jobs-reet-mains-level-1-result-2026-released-rajasthan-3rd-grade-teacher-recruitment-merit-list-cutoff-rssb-rajasthan-gov-in-10562687.html