कनाडा में एक बार फिर लॉरेंस बिश्नोई गैंग चर्चा के केंद्र में आ गया है। ब्रैम्पटन स्थित महल स्वीट्स पर हुई गोलीबारी के बाद सोशल मीडिया पर एक धमकी भरी पोस्ट तेजी से फैल रही है। इस पोस्ट में खुद को लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप से जुड़ा बताने वाले एक व्यक्ति ने फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि अब तक स्वतंत्र रूप से इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है और स्थानीय पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है।
कथित फेसबुक अकाउंट से शेयर हुई पोस्ट
वायरल हो रही यह पोस्ट कथित तौर पर 'Aarzoo Bishnoi' नाम के फेसबुक अकाउंट से साझा की गई है। इसके साथ एक वीडियो भी प्रसारित हो रहा है, जिसमें एक बंदूक दिखाई देती है और उसमें गोली लोड कर फायर किया जाता है। पोस्ट में दावा किया गया है कि ब्रैम्पटन के महल स्वीट्स पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी आरजू बिश्नोई, टायसन बिश्नोई और शुभम लोंकर लेते हैं।
दुकान मालिक को सीधी धमकी
पोस्ट में एक व्यक्ति को सीधे तौर पर निशाना बनाते हुए धमकी दी गई है। इसमें कहा गया है कि दुकान के मालिक को पहले भी फोन किया गया था, लेकिन उसने कॉल को गंभीरता से नहीं लिया। संदेश में चेतावनी दी गई है कि अगर आगे भी फोन को अनदेखा किया गया तो उसके मॉल में घुसकर सिर में गोली मार दी जाएगी। 'अगली बार सिर में गोली मारेंगे' लिखते हुए गैंग के अन्य विरोधियों को भी तैयार रहने की चेतावनी दी गई है।
गैंग में फूट की खबरें खारिज
धमकी भरे इस संदेश में गिरोह के भीतर मतभेद की चर्चाओं को भी नकारा गया है। पोस्ट के अनुसार, लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप के सभी सदस्य एकजुट हैं और उनके अलग होने से जुड़ी अफवाहें झूठी हैं। संदेश में लिखा गया है कि 'हम सभी भाई एक थे, एक हैं और एक ही रहेंगे।'
जांच में जुटी कनाडाई एजेंसियां
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह वायरल पोस्ट वास्तव में गैंग के किसी सदस्य ने ही लिखी है या नहीं। कनाडाई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां गोलीबारी की घटना तथा सोशल मीडिया पोस्ट, दोनों की जांच कर रही हैं। अधिकारियों की ओर से अभी तक पोस्ट की सच्चाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
https://hindi.news18.com/world/rest-of-world-lawrence-bishnoi-gang-claims-brampton-mahal-sweets-firing-canada-threat-post-viral-10562153.html