दिल्ली में अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके का है, जहां गगन सिनेमा के पास एक व्यक्ति की लूट के दौरान हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मृतक का लूटा गया मोबाइल फोन, आधार कार्ड और हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद हुआ है। वारदात के बाद आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
मृतक उत्तर प्रदेश का निवासी था
पुलिस के अनुसार गुरुवार तड़के करीब 4:39 बजे सूचना मिली कि गगन सिनेमा के मुख्य गेट के सामने सड़क पर एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस उसे तुरंत जीटीबी अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच में मृतक की पहचान 42 साल के मोहम्मद अनीश के रूप में हुई, जो उत्तर प्रदेश के औरैया जिले का रहने वाला था। इसके बाद नंद नगरी थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी जांच से सुलझा केस, दो धरे गए
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और स्थानीय इनपुट के आधार पर जानकारी जुटाते हुए दो आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुंदर नगरी निवासी 30 साल के आसिफ और 28 साल के परम शिवम के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों का खुलासा
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने लूटपाट के इरादे से इस वारदात को अंजाम दिया था। विरोध करने पर उन्होंने अनीश को चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया और उसका मोबाइल फोन तथा आधार कार्ड लूट लिया। पुलिस ने दोनों के पास से लूटा गया सामान और घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।
जांच में सामने आया है कि आसिफ पहले से लूट, स्नैचिंग, चोरी और आर्म्स एक्ट के छह मामलों में शामिल रहा है, जबकि परम शिवम के खिलाफ लूट और चोरी के नौ मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
https://www.indiatv.in/delhi/horrific-incident-in-delhi-muslim-man-from-up-killed-during-robbery-two-arrested-2026-06-11-1224560