गांव-गांव पहुंचेगा प्रशासन! 12 जून से लगेंगे ग्रामीण सेवा शिविर, मौके पर ही सुलझेंगी दिक्कतें

राजस्थान में 12 जून से 15 जुलाई तक ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित होंगे, जहां 22 विभाग एक साथ मिलकर आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करेंगे।

राजस्थान सरकार अब आमजन की दिक्कतों को उनके गांव तक पहुंचकर हल करने जा रही है। इसके लिए प्रदेश की ग्राम पंचायतों में 12 जून से 15 जुलाई तक ‘ग्रामीण सेवा शिविर’ लगाए जाएंगे। इन शिविरों का मकसद सरकारी योजनाओं का फायदा सीधे ग्रामीण स्तर तक पहुंचाना और लोगों की समस्याओं का त्वरित निपटारा करना है।

मुख्यमंत्री का स्पष्ट निर्देश

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को साफ कहा है कि शिविर में पहुंचने वाले हर व्यक्ति की समस्या का समाधान वहीं मौके पर ही सुनिश्चित किया जाए। सरकार की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक तंत्र को और अधिक संवेदनशील तथा जवाबदेह बनाया जाए।

एक ही जगह मिलेंगी कई सेवाएं

इन शिविरों में 22 प्रमुख विभाग हिस्सा लेंगे। ऐसे में नागरिकों को अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं तथा सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध होगा।

शिविर का समय और कार्यप्रणाली

हर शिविर प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। इस दौरान लंबित प्रकरणों और जनसमस्याओं के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर रहेगा, ताकि लोगों को राहत जल्द से जल्द मिल सके।

https://hindi.news18.com/news/rajasthan/jaipur-rajasthan-utility-gram-panchayat-camp-from-12-june-to-15-july-bhajanlal-sharma-10561329.html