दो महीनों में 30% बढ़े हार्ट अटैक के मामले, बाबा रामदेव से जानिए दिल को मजबूत और सेहतमंद रखने के तरीके

बढ़ते तापमान और उमस के कारण दिल पर दबाव बढ़ने से हार्ट अटैक के मामलों में तेज़ी आई है। जानिए स्वामी रामदेव से दिल को हर मौसम में स्वस्थ रखने के असरदार उपाय।

गर्मी की तपिश और बारिश के बाद की उमस लोगों को थर्मल स्ट्रेस का शिकार बना रही है, जिसका सीधा असर दिल पर पड़ रहा है और हार्ट अटैक के मामलों में अचानक उछाल देखा जा रहा है। दरअसल, जैसे-जैसे तापमान चढ़ता है, शरीर का कूलिंग सिस्टम सक्रिय हो जाता है और पसीना अधिक निकलने लगता है, जिससे कई लोगों में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो जाती है। शरीर में तरल पदार्थ घटने से खून की कमी होने लगती है और दिल की परेशानी और बढ़ जाती है। कानपुर के इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी के अनुसार बीते 2 महीनों में हार्ट अटैक के मामलों में 30% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कार्डियोलॉजिस्ट बताते हैं कि इसका सबसे ज़्यादा असर उन लोगों पर पड़ रहा है जो हार्ट ब्लॉकेज, हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज़ से जूझ रहे हैं। ऐसे में सवाल यह है कि क्या किया जाए ताकि धड़कन सामान्य बनी रहे और दिल हर मौसम में स्वस्थ रहे। आइए स्वामी रामदेव से इसके उपाय जानते हैं।

देश में तेज़ी से बढ़ रहे हैं दिल के मरीज़

हमारे देश में अब मौत की सबसे बड़ी वजह दिल से जुड़ी बीमारियां बन चुकी हैं। हालत यह है कि 40 साल की उम्र में ही लोगों को कार्डियक अरेस्ट आने लगा है। पिछले 5 साल में दिल से जुड़े मामले 53% तक बढ़ चुके हैं और 70% आबादी हार्ट अटैक के जोखिम पर है। चौंकाने वाली बात यह है कि हर 33 सेकंड में हार्ट अटैक से 1 मौत हो रही है। तनाव, एंग्जायटी, स्मोकिंग, हाई कोलेस्ट्रॉल, मोटापा, डायबिटीज़, नींद की कमी और हाई बीपी जैसी समस्याएं हार्ट अटैक की बड़ी वजह बन रही हैं।

रोज़ाना करें व्यायाम

अगर आप अपने दिल को बीमारियों से बचाना चाहते हैं और हार्ट की उम्र को 20 साल तक कम करना चाहते हैं, तो रोज़ कसरत करना बेहद ज़रूरी है। एक अध्ययन के मुताबिक अगर नियमित रूप से रोज़ एरोबिक्स, ज़ुंबा या इंटेंस ट्रेनिंग की जाए तो हार्ट फंक्शन इतना बेहतर हो जाता है मानो दिल की उम्र उल्टी दिशा में चल रही हो। नियमित वर्कआउट से हार्ट की मांसपेशियों को मज़बूती मिलती है, ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और दिल की बीमारियों का जोखिम घटता है। हालांकि WHO का कहना है कि अधिकतर लोग व्यायाम नहीं करते। रोज़ कसरत करने वालों की संख्या भी कम है और जो करते भी हैं वे सही तरीके से वर्कआउट नहीं करते।

दिल को सेहतमंद रखने के लिए ये उपाय भी अपनाएं

अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के अनुसार दिल को स्वस्थ रखने के लिए भरपूर पानी पिएं, तनाव और टेंशन कम लें, समय पर भोजन करें, जंक फूड से दूरी बनाएं और 6-8 घंटे की नींद ज़रूर लें। इसके अलावा शाकाहारी भोजन अपनाने से दिल की बीमारियों की आशंका कम होती है। प्लांट बेस्ड फूड के सेवन से बैड कोलेस्ट्रॉल को भी नियंत्रित किया जा सकता है।

https://www.indiatv.in/health/heart-attack-cases-have-risen-by-30-percent-in-last-two-months-know-how-to-keep-heart-healthy-and-strong-from-baba-ramdev-2026-06-11-1224373