समस्तीपुर: रिश्वत लेते रंगे हाथ धराए मुखिया, छापेमारी के बीच पंचायत सचिव हुआ फरार

समस्तीपुर के दलसिंहसराय में निगरानी विभाग ने चकबहुद्दीन पंचायत के मुखिया सिया राम राय को 1 लाख 25 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया, जबकि मौके पर मौजूद पंचायत सचिव फरार हो गया।

बिहार के समस्तीपुर जिले में निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए दलसिंहसराय थाना क्षेत्र की चकबहुद्दीन पंचायत के मुखिया सिया राम राय को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। मुखिया को 1 लाख 25 हजार रुपये की घूस लेते वक्त गिरफ्तार किया गया। बताया जा रहा है कि एक शिक्षक को निलंबन से मुक्त कराने के एवज में कुल 5 लाख रुपये की मांग की जा रही थी।

शिकायत मिलते ही निगरानी विभाग की टीम ने पूरे प्रकरण की पड़ताल शुरू की और आरोप सही पाए जाने पर जाल बिछाया। इसी दौरान शिक्षक से 1 लाख 25 हजार रुपये लेते हुए मुखिया सिया राम राय को धर दबोचा गया। कार्रवाई के समय वहां मौजूद पंचायत सचिव मौके से भाग निकला, जिसकी तलाश जारी है। टीम ने रिश्वत की रकम भी जब्त कर ली है।

क्या है पूरा मामला

इस घटना को लेकर आवेदक शिक्षक अब्दुल मन्नान का कहना है कि वह दलसिंहसराय के प्राइमरी स्कूल चकबहाउद्दीन मोहन वार्ड 7 में तैनात थे। वर्ष 2024 में उन पर एससी-एसटी और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था और उन्हें निलंबित कर दिया गया था। हालांकि 2025 में अदालत ने उन्हें बरी कर दिया।

शिक्षक के मुताबिक, इसके बाद कोर्ट ने मुखिया को निलंबन वापस लेने का आदेश दिया, लेकिन निलंबन रद्द करने के बदले मुखिया पांच लाख रुपये मांगने लगे। इसके साथ ही पंचायत सचिव भी रकम की मांग करने लगा। इसी परेशानी से तंग आकर शिक्षक ने निगरानी विभाग की शरण ली।

छापेमारी के दौरान फरार हुआ पंचायत सचिव

तय योजना के अनुसार आरोपियों ने पहले से निर्धारित रकम से कम यानी 1 लाख 20 हजार रुपये देने के लिए शिक्षक को दलसिंहसराय गुदरी रोड स्थित अपनी दुकान पर बुलाया। इसके अलावा पंचायत सचिव के हिस्से के लिए अलग से 20 हजार रुपये भी दिए गए थे। रकम सौंपते ही निगरानी की टीम मौके पर पहुंच गई और मुखिया को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पंचायत सचिव वहां से फरार हो गया, जिसकी टीम लगातार तलाश कर रही है।

अधिकारी ने क्या कहा

निगरानी डीएसपी अमरेंद्र प्रसाद विद्यार्थी ने बताया कि शिक्षक मन्नान की ओर से निगरानी में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत की जांच में मामला सही पाया गया, जिसके बाद योजना के तहत मुखिया को रकम देने के लिए बुलाकर उसे गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान पंचायत सचिव अजीत कुमार मौके से फरार हो गया।

https://www.indiatv.in/bihar/chakbahuddin-panchayat-mukhiya-arrested-for-taking-bribe-in-samastipur-2026-06-11-1224380