चीन में भीषण विस्फोट से दहला शिंगआन इलाका, 7 की मौत और 17 घायल

दक्षिणी चीन के गुआंग्शी झुआंग स्वायत्त क्षेत्र की शिंगआन काउंटी में गुरुवार तड़के हुए जोरदार धमाके में 7 लोगों की जान चली गई और 17 घायल हो गए। शुरुआती जांच में गैस पाइपलाइन को हादसे की वजह नहीं माना गया है।

दक्षिणी चीन के गुआंग्शी झुआंग स्वायत्त क्षेत्र की शिंगआन काउंटी में गुरुवार तड़के एक भीषण विस्फोट हुआ, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई और 17 लोग घायल हो गए। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि वह कई किलोमीटर तक सुनाई दी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान चलाना पड़ा।

कब और कैसे हुआ हादसा

शिंगआन काउंटी पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार विस्फोट गुरुवार सुबह करीब 1:40 बजे हुआ। घटना की सूचना मिलते ही गुइलिन शहर और शिंगआन काउंटी के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन एजेंसियों के साथ मिलकर राहत तथा बचाव कार्य शुरू कराया।

चार चरणों में चला तलाशी अभियान

रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने चार चरणों में सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई। हादसे में घायल हुए 17 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी घायल की हालत जानलेवा नहीं है। मामूली रूप से घायल लोगों को भी चिकित्सा सहायता दी गई और उनके ठहरने की व्यवस्था की गई है। फिलहाल बचाव अभियान जारी है और मलबे की तलाशी ली जा रही है।

क्या गैस पाइपलाइन बनी वजह?

हादसे के कारणों को लेकर शुरुआती जांच में एक अहम जानकारी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि अभी तक गैस पाइपलाइन या उससे जुड़े किसी कारण को विस्फोट की वजह नहीं माना गया है। शिंगआन पुलिस के अनुसार धमाके की असली वजह जानने के लिए सार्वजनिक सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हुई हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आखिर किस वजह से यह विस्फोट हुआ।

https://hindi.news18.com/world/china-china-guangxi-blast-seven-killed-seventeen-injured-explosion-investigation-underway-10558723.html