गुजरात के बनासकांठा जिले की रहने वाली दरियाबेन राजपूत आज ग्रामीण भारत में महिला उद्यमिता का जीता-जागता उदाहरण बन गई हैं। शादी के बाद जिस महिला ने एक आम गृहिणी की तरह अपना जीवन शुरू किया था, वही आज करोड़ों रुपये के डेयरी कारोबार की पूरी कमान अपने हाथों में संभाल रही हैं और कई लोगों को रोजगार भी दे रही हैं।
गांव में रहकर खड़ा किया बड़ा कारोबार
दरियाबेन बनास डेयरी से जुड़ी हुई हैं और हर दिन करीब 1,000 लीटर दूध की आपूर्ति करती हैं। उनके पास इस समय 300 से ज्यादा मवेशी हैं। गांव में रहते हुए उन्होंने अपने कारोबार को उस मुकाम तक पहुंचा दिया है, जहां उनकी सालाना कमाई 1.85 करोड़ रुपये तक जा पहुंची है।
ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणा
एक सामान्य गृहिणी से सफल कारोबारी बनने तक का दरियाबेन का यह सफर गांव-देहात की महिलाओं के लिए एक बड़ी मिसाल बनकर उभरा है। उनकी मेहनत और लगन यह साबित करती है कि सही दिशा में किया गया प्रयास किसी भी पृष्ठभूमि की महिला को आत्मनिर्भर बना सकता है।
https://hindi.news18.com/news/business/success-story-dariyaben-rajput-banas-dairy-woman-entrepreneur-1-85-crore-business-story-ws-el-10558247.html