बालकनी से मधुमक्खी का छत्ता हटाने का सबसे आसान उपाय, घर बैठे यूं पाएं छुटकारा

बालकनी, खिड़की या छत पर लगे मधुमक्खी के छत्ते से परेशान हैं तो घरेलू चीजों से तैयार नेचुरल स्प्रे और लहसुन के रस की मदद से इसे सुरक्षित तरीके से हटाया जा सकता है। जानिए सही तरीका और सावधानियां।

घर की बालकनी, खिड़कियों या छत पर मधुमक्खियों का छत्ता लगना एक आम बात है, जिसका सामना लगभग हर किसी ने कभी न कभी किया होगा। यह समस्या तब और गंभीर हो जाती है जब छत्ते की कोई मधुमक्खी घर के बच्चे या किसी सदस्य को काट ले। इसीलिए समय रहते सतर्क रहना बहुत जरूरी है। खास बात यह है कि मधुमक्खियां तब तक हमला नहीं करतीं जब तक उन्हें छेड़ा न जाए। छत्ते को हटाने के लिए लोग तरह-तरह के तरीके अपनाते हैं। यहां हम आपको कुछ ऐसे आसान घरेलू उपाय बता रहे हैं, जिनकी मदद से आप मधुमक्खियों को बिना किसी झंझट के हटा सकते हैं।

घर पर ऐसे बनाएं नेचुरल स्प्रे

मधुमक्खियों को तेज गंध बिल्कुल नापसंद होती है, और इसी कमजोरी का फायदा उठाकर आप घर में मौजूद चीजों से एक असरदार नेचुरल स्प्रे तैयार कर सकते हैं। इसके लिए आपको सफेद सिरका, पानी और पेपरमिंट ऑयल की जरूरत होगी। सबसे पहले सफेद सिरका और पानी को बराबर मात्रा में मिला लें। इसके बाद इस मिश्रण में पेपरमिंट एसेंशियल ऑयल की 10-15 बूंदें डालें और तैयार स्प्रे को एक बोतल में भर लें।

कब और कैसे करें इस स्प्रे का इस्तेमाल

स्प्रे करने के लिए सही समय का चुनाव सबसे अहम है। मधुमक्खियों पर स्प्रे करने का सबसे उपयुक्त समय रात का या सुबह सूरज निकलने से ठीक पहले का होता है, क्योंकि इस दौरान सभी मधुमक्खियां छत्ते के भीतर रहती हैं और शांत होती हैं।

यह घरेलू नुस्खा मधुमक्खियों से छुटकारा दिला सकता है, लेकिन इसे पूरी सावधानी के साथ इस्तेमाल करना जरूरी है। स्प्रे करने से पहले फुल स्लीव्स कपड़े और पैंट पहनें, हाथों में दस्ताने लगाएं तथा चेहरे को ढकने के लिए मास्क और आंखों के लिए चश्मे का इस्तेमाल करें। इसके बाद छत्ते से थोड़ी दूरी पर खड़े होकर तैयार किए गए स्प्रे को छत्ते पर अच्छी तरह छिड़कें। इसकी तेज गंध से मधुमक्खियों का दम घुटने लगता है और वे उस जगह को छोड़कर भाग जाती हैं।

लहसुन का रस भी है असरदार

मधुमक्खियों को भगाने में लहसुन का रस भी कारगर साबित होता है। इसके लिए लहसुन की कलियों को पीसकर उनका रस निकाल लें और उसे पानी में मिलाकर छत्ते के आसपास छिड़क दें। लहसुन की तीखी गंध मधुमक्खियां बर्दाश्त नहीं कर पातीं, जिससे वे जल्दी ही वहां से भाग जाती हैं।

https://www.indiatv.in/lifestyle/features/found-an-easy-way-to-remove-a-beehive-from-the-balcony-try-it-out-today-2026-06-10-1224253