आलिया भट्ट की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'अल्फा' का टीजर आज यानी 10 जून को जारी कर दिया गया है। आलिया भट्ट, बॉबी देओल और शरवरी वाघ अभिनीत यह फिल्म काफी समय से चर्चा का विषय बनी हुई थी। 3 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही इस फिल्म के टीजर ने सोशल मीडिया पर खासी हलचल मचा दी है और दर्शकों की ओर से इसे मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। वहीं दूसरी तरफ बॉलीवुड के कई सितारों ने भी टीजर पर अपनी राय रखी है। अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान ने टीजर रिलीज होने के बाद आलिया भट्ट और बॉबी देओल के लिए बेहद प्यारा संदेश साझा किया है। बता दें कि 'अल्फा' यश राज फिल्म्स के 'स्पाई यूनिवर्स' की नई पेशकश है, जिसमें इससे पहले सलमान खान की 'एक था टाइगर', 'टाइगर ज़िंदा है', 'टाइगर 3', ऋतिक रोशन की 'वॉर', 'वॉर 2' और शाहरुख खान की 'पठान' जैसी फिल्में शामिल रही हैं।
शाहरुख खान ने टीजर की जमकर सराहना की
टीजर सामने आते ही शाहरुख खान ने इस पर प्रतिक्रिया दी और आलिया के एक्शन रूप की दिल खोलकर प्रशंसा की। पोस्ट साझा करते हुए सुपरस्टार ने लिखा, "बहुत बढ़िया आलिया, सालों तक लोगों का दिल तोड़ने से लेकर अब हड्डियां तोड़ने तक, तुम्हारा हुनर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। उम्मीद है 'अल्फा' लोगों का दिल जीतेगी और सीक्वल के लिए कुछ विलेन भी बचाकर रखेगी। जाओ और कमाल कर दिखाओ सिग्मा गर्ल! लॉर्ड बॉबी... जब आप बुरे किरदार में होते हैं तो बहुत ज़बरदस्त लगते हैं!!! ढेर सारा प्यार। और शिव और उनकी टीम को बहुत-बहुत शुभकामनाएं।"
अमिताभ बच्चन ने भी लुटाया प्यार
सिर्फ शाहरुख खान ही नहीं, बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने भी टीजर जारी होने के बाद आलिया भट्ट की तारीफ में पोस्ट साझा किया। सोशल मीडिया पर 'अल्फा' का टीजर साझा करते हुए बिग बी ने लिखा- 'मेरी प्यारी आलिया को बहुत सारा प्यार और शुभकामनाएं।'
कैसा है 'अल्फा' का टीजर
आज, यानी 10 जून को जारी किए गए टीजर में आलिया भट्ट और बॉबी देओल नजर आ रहे हैं। टीजर देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि बॉबी देओल उस शख्स की भूमिका में हैं, जिसने आलिया के किरदार को पाला-पोसा है और उसे एक बेरहम हत्यारी बनने की ट्रेनिंग दी है। टीजर की यह पहली झलक पूरी तरह आलिया के सफर के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें बॉबी देओल की एक झलक भी दिखाई देती है। वहीं, शरवरी के किरदार को अभी राज़ रखा गया है, जिसके चलते दर्शक टीजर में शरवरी की गैर-मौजूदगी पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
कब रिलीज होगी 'अल्फा'
फिल्म की रिलीज की बात करें तो शिव रवैल के निर्देशन में बनी यह फिल्म दुनिया भर के सिनेमाघरों में 3 जुलाई, 2026 को रिलीज होगी। फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में दिखेंगी, जबकि बॉबी देओल और अनिल कपूर भी इसमें अहम किरदार निभा रहे हैं।
https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/alpha-teaser-gets-shah-rukh-khan-and-amitabh-bachchan-seal-of-approval-lauds-sigma-girl-alia-bhatt-and-bobby-deol-2026-06-10-1224278