नई दिल्ली: एनडीए की संसदीय दल की बैठक में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने मोदी को देश के लिए 'सही समय पर सही नेता' करार देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर लगातार नई बुलंदियां छू रहा है। इस बैठक में प्रधानमंत्री के सत्ता में लगातार 12 वर्ष पूरे करने और देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित रहने वाले प्रधानमंत्री बनने के अवसर पर एक धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया। नायडू ने यही प्रस्ताव सदन के समक्ष रखते हुए प्रधानमंत्री की सराहना की।
देश को स्थिर दिशा देने वाले नेता
चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सबसे बड़ी खूबी यह है कि एक ओर वे देश को स्थिर दिशा देते हैं और दूसरी ओर नए विचारों तथा इनोवेशन को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा, 'नरेंद्र मोदी की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वे देश के मार्गदर्शक भी हैं और नवाचार को आगे बढ़ाने वाले नेता भी। उनका केवल एक ही एजेंडा है, राष्ट्र सर्वोपरि। हम सभी को इसी सोच के साथ काम करना चाहिए।'
उम्मीदों पर हमेशा खरे उतरे
प्रधानमंत्री के लंबे राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए नायडू ने बताया कि मोदी वर्ष 2001 में मुख्यमंत्री बने थे और अब सार्वजनिक जीवन में करीब 25 वर्ष पूरे कर चुके हैं। उन्होंने कहा, 'मैं कई बार सोचता हूं कि आखिर वह लोगों की उम्मीदों पर लगातार कैसे खरे उतरते हैं। यही उनकी नेतृत्व क्षमता की सबसे बड़ी पहचान है।' नायडू ने कहा कि आज दुनिया अनेक चुनौतियों से जूझ रही है। युद्ध, आपूर्ति में रुकावटें, ऊर्जा बाजार की अस्थिरता और कई बड़ी अर्थव्यवस्थाओं की सुस्त रफ्तार ने वैश्विक अनिश्चितता को बढ़ा दिया है, फिर भी भारत की स्थिति मजबूत बनी हुई है। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई दर लगभग 3.5 प्रतिशत के आसपास है, जो दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में सबसे कम दरों में से एक है। इसका श्रेय उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व को दिया।
कभी थका हुआ नहीं देखा
प्रधानमंत्री की कार्यशैली की तारीफ करते हुए नायडू ने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री, दोनों पदों पर रहते हुए मोदी ने हमेशा ऊर्जा, रचनात्मकता और इनोवेशन का परिचय दिया है। उन्होंने कहा, 'इतने वर्षों में मैंने कभी नरेंद्र मोदी जी को थका हुआ नहीं देखा। वे हमेशा ऊर्जा से भरपूर रहते हैं और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि वे दूसरों को भी प्रेरित और उत्साहित करते हैं।' प्रधानमंत्री की वैश्विक छवि की चर्चा करते हुए नायडू ने कहा कि नरेंद्र मोदी दुनिया के किसी भी बड़े नेता के बराबर खड़े नजर आते हैं। उन्होंने कहा, 'दुनिया भर में होने वाले सर्वेक्षण बताते हैं कि नरेंद्र मोदी एक लोकप्रिय वैश्विक नेता हैं। यह पूरे देश के लिए गर्व की बात है।'
भारत और भारतीयों का बढ़ा सम्मान
नायडू ने कहा कि आज दुनिया के किसी भी कोने में जाने पर भारत और भारतीयों के प्रति सम्मान दिखाई देता है। प्रधानमंत्री की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, 'आज दुनिया में जहां भी जाइए, भारत और भारतीयों को सम्मान मिलता है और इसका बड़ा श्रेय आपके नेतृत्व को जाता है।' देश के भविष्य पर भरोसा जताते हुए आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का लक्ष्य दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनना है और यह सपना प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में साकार हो सकता है। उन्होंने कहा, 'मुझे पूरा विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक दिन दुनिया की नंबर-1 अर्थव्यवस्था बनेगा।'
स्वर्णिम दौर की शुरुआत
अपने संबोधन के अंत में चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि यह भारत के इतिहास का निर्णायक दौर है और देश एक नए स्वर्णिम युग की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा, 'यह भारत का निर्णायक क्षण है। यह एक स्वर्णिम युग की शुरुआत है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हमारा विश्वास पूर्ण है, जनता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता अटूट है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का हमारा संकल्प अडिग है।'
https://www.indiatv.in/india/politics/chandrababu-naidu-praises-pm-modi-at-nda-meeting-says-he-has-never-seen-him-tired-2026-06-10-1224295