कैमूर: बिहार के कैमूर जिले से एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला को नशीला पदार्थ देकर अचेत करने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद उस पर धर्म बदलने का दबाव भी डाला गया। पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति-पत्नी को हिरासत में ले लिया। इस वारदात के सामने आते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोग पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं।
क्या है पूरा मामला
यह घटना जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र की है, जहां एक महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने, उसका वीडियो बनाने और फिर धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करने का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ। पुलिस ने इस गंभीर मामले को संवेदनशीलता से लेते हुए सिर्फ चार घंटे के भीतर आरोपी पति-पत्नी को दबोच लिया।
डीएसपी ने बताई घटना की पूरी जानकारी
मोहनिया डीएसपी गोपाल कृष्णा ने बताया कि पीड़ित महिला ने 9 जून 2026 को रामगढ़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 5 जून 2026 की शाम करीब 6 बजे आरोपी एकराम अंसारी ने पीड़िता को अपने घर बुलाया और वहां उसे नशीला पदार्थ पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसी हालत का फायदा उठाकर आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया।
आरोप है कि इस दौरान आरोपी की पत्नी शाहिदा बेगम अपने मोबाइल फोन से लगातार पूरी घटना का वीडियो बनाती रही। होश में आने के बाद दोनों ने पीड़िता को वही वीडियो दिखाकर धमकाया और कहा कि अगर उसने अपना धर्म नहीं बदला, तो यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा।
दंपति गिरफ्तार, मोबाइल बरामद
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर छापेमारी शुरू की और ग्राम डरवन से आरोपी एकराम अंसारी (35 वर्ष) तथा उसकी पत्नी शाहिदा बेगम (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल किया गया ओप्पो (OPPO) कंपनी का काले रंग का एंड्रॉएड मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। डीएसपी के अनुसार, एकराम अंसारी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उसके खिलाफ पहले से ही महिलाओं से छेड़छाड़ के दो मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है।
https://www.indiatv.in/bihar/bihar-woman-raped-in-kaimur-pressured-to-convert-her-religion-accused-couple-arrested-2026-06-10-1224272