FIFA 2026: अमेरिका ने रोकी एंट्री, घर लौटे सोमाली रेफरी का एयरपोर्ट पर हुआ शानदार स्वागत

विश्व कप में अंपायरिंग के लिए चुने जाने के बावजूद अमेरिका ने सोमाली रेफरी उमर अर्टान को प्रवेश देने से इनकार कर दिया। मोगादिशु लौटने पर एयरपोर्ट पर अधिकारियों और सैकड़ों समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया।

फीफा विश्व कप अपने आगाज़ से पहले ही विवादों के घेरे में आ गया है। हाल ही में सोमालिया के एक रेफरी को अमेरिका ने अपनी ज़मीन पर कदम रखने की इजाज़त नहीं दी, जिसके बाद फीफा को दुनियाभर में तीखी आलोचना झेलनी पड़ी। दूसरी ओर, जब यही रेफरी अपने वतन लौटे तो हवाई अड्डे पर उनका जोरदार स्वागत किया गया और उन्होंने अपने देशवासियों तथा समर्थकों का आभार जताया।

मोगादिशु लौटने पर मिला भावुक स्वागत

सोमाली रेफरी उमर अर्टान का बुधवार को मोगादिशु पहुंचने पर शानदार स्वागत हुआ। फीफा विश्व कप में अंपायरिंग के लिए चयनित होने के बावजूद कुछ ही दिन पहले उन्हें संयुक्त राज्य अमेरिका में प्रवेश से वंचित कर दिया गया था। अर्टान विश्व कप के मुकाबलों का संचालन करने वाले सोमालिया के पहले रेफरी बनकर इतिहास रचने की दहलीज़ पर खड़े थे।

इस बेहद सम्मानित अधिकारी को टूर्नामेंट के लिए फीफा की रेफरी की अंतिम सूची में जगह मिली थी और उन्हें अफ्रीका के अग्रणी मैच अधिकारियों में गिना जाता है। खेल में उनके बड़े कद का अंदाज़ा इसी से लगता है कि उन्हें 2025 में अफ्रीका का सर्वश्रेष्ठ पुरुष रेफरी चुना गया था।

मियामी एयरपोर्ट पर रोका गया

हालांकि उनका विश्व कप का सपना उस वक्त अचानक बिखर गया, जब शनिवार को मियामी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर उन्हें प्रवेश देने से इनकार कर दिया गया। अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा ने एक बयान में कहा कि यह फैसला “जांच संबंधी चिंताओं” के चलते लिया गया, हालांकि इस बारे में और कोई जानकारी साझा नहीं की गई। इस घटनाक्रम के बाद फीफा ने प्रतियोगिता के लिए तैयार अपनी रेफरी सूची से अर्टान का नाम हटा दिया।

हवाई अड्डे पर उमड़ी भीड़

सोमालिया लौटने पर मोगादिशु हवाई अड्डे पर सरकारी अधिकारियों, समर्थकों और शुभचिंतकों ने अर्टान का स्वागत किया। इस निराशाजनक घटना के बाद रेफरी का घर पर स्वागत करने, सोमाली झंडे लहराने और अपनी एकजुटता दिखाने के लिए सैकड़ों लोग एक साथ जुटे।

भीड़ को संबोधित करते हुए अर्टान ने इस मुश्किल घड़ी में साथ खड़े रहने के लिए सोमाली सरकार, सोमालिया की जनता और फीफा का शुक्रिया अदा किया।

“मैं आपसे वादा करता हूं कि, ईश्वर ने चाहा तो, मैं अगले विश्व कप में जरूर शामिल हूंगा। मैं चाहता हूं कि सोमाली जनता इससे तसल्ली रखे और अपना भरोसा बनाए रखे।”

उन्होंने यह बात हवाई अड्डे पर सोमालिया का झंडा लहरा रहे सैकड़ों समर्थकों के बीच कही।

दुनियाभर में फीफा पर सवाल

फीफा द्वारा नियुक्त विश्व कप रेफरी को प्रवेश से वंचित किए जाने के इस फैसले ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खासा ध्यान खींचा। इस असामान्य कदम की कई हलकों में आलोचना हुई और कुछ समर्थकों ने यह सवाल भी उठाया कि क्या संयुक्त राज्य अमेरिका इस स्तर के वैश्विक खेल आयोजन की मेज़बानी करने में पूरी तरह सक्षम है।

https://hindi.news18.com/news/sports/football-somali-referee-omar-artan-received-grand-welcome-upon-returning-home-after-us-denied-entry-10556554.html