अफगानिस्तान में पाकिस्तानी हवाई हमलों से तबाही, 11 बच्चों समेत 13 लोगों की मौत

अफगानिस्तान के सीमावर्ती कुनार, खोस्त और पक्तिका प्रांतों में पाकिस्तानी हवाई हमलों में 11 बच्चों सहित 13 लोगों की जान चली गई, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। काबुल सरकार ने इस कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन बताते हुए कड़ी निंदा की है।

पाकिस्तान की ओर से अफगानिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में किए गए हवाई हमलों में 11 बच्चों समेत कुल 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग बुरी तरह घायल हुए हैं। अफगानिस्तान का कहना है कि पाकिस्तानी सेना ने उसकी सीमा में घुसकर ये हमले किए, जिनमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग मारे गए। इन हमलों को कुनार, खोस्त और पक्तिका प्रांतों के रिहायशी इलाकों में अंजाम दिया गया। काबुल सरकार ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय नियमों का सीधा उल्लंघन करार दिया है।

अफगान प्रवक्ता का बयान

अफगान प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, पाकिस्तानी हमलावर सेना ने मंगलवार की देर रात एक बार फिर अफगानिस्तान की संप्रभुता का खुलेआम उल्लंघन किया और हवाई हमले में कई लोगों की जान ले ली।

उन्होंने आगे बताया कि पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने तीन प्रमुख प्रांतों — कुनार, खोस्त और पक्तिका — के रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया। यहां रह रहे आम नागरिकों के घरों पर अंधाधुंध बमबारी की गई, जिससे कई घर पूरी तरह तबाह हो गए।

https://www.indiatv.in/world/asia/pakistan-airstrikes-killed-at-least-13-people-and-wounded-14-in-afghanistan-2026-06-10-1224112