झारखंड की राजधानी रांची में आज, 10 जून से झारखंड प्रीमियर लीग (JPL) का आगाज हो रहा है और शुरुआत में ही एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। कोलांचल की टीम ने युवा खिलाड़ी रॉबिन मिंज को 15.4 लाख रुपये की मोटी रकम में अपने खेमे में शामिल किया है। खास बात यह है कि इस नीलामी में रॉबिन ने स्टार क्रिकेटर ईशान किशन को भी पीछे छोड़ दिया, जिन्हें 14.7 लाख रुपये मिले। मुंबई इंडियंस की ओर से खेल चुके रॉबिन मिंज आईपीएल इतिहास के पहले आदिवासी क्रिकेटर हैं।
संघर्ष से भरा सफर
रॉबिन के पिता फ्रांसिस मिंज रांची एयरपोर्ट पर सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर तैनात हैं। एक दौर ऐसा भी था जब परिवार के पास बैट खरीदने तक के पैसे नहीं थे। फ्रांसिस बताते हैं कि रॉबिन को महज पांच साल की उम्र से ही क्रिकेट का जुनून सवार था और वह प्लास्टिक के बल्ले से ही लंबे छक्के लगा देता था। घर की तंगी को समझते हुए रॉबिन ने कभी पिता से एक रुपये की भी फरमाइश नहीं की। आज उसी जिद और मेहनत के दम पर वह झारखंड प्रीमियर लीग के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं।
धोनी का भरोसा बना संबल
बेटे की कामयाबी देखकर फ्रांसिस मिंज बेहद खुश हैं। दिग्गज क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी भी रॉबिन की तारीफ कर चुके हैं। धोनी ने एक बार भरोसा जताते हुए कहा था कि अगर आईपीएल में रॉबिन को कोई टीम नहीं खरीदेगी तो चेन्नई सुपर किंग्स उन्हें अपने साथ जोड़ेगी। रॉबिन धोनी को अपना आदर्श मानते हैं और उन्हीं से प्रेरणा लेकर इस मुकाम तक पहुंचे हैं। धोनी का यह समर्थन उनके लिए बेहद खास रहा।
पढ़ाई और प्रैक्टिस का संतुलन
बचपन से ही रॉबिन अकेले दम पर पढ़ाई और रोजाना 8-9 घंटे की क्रिकेट प्रैक्टिस के बीच तालमेल बैठाते रहे। खाने में सिर्फ चिकन-चावल पसंद करने वाले रॉबिन ने कभी कोई दूसरी मांग नहीं रखी। मुंबई इंडियंस का हिस्सा रह चुके रॉबिन अब झारखंड प्रीमियर लीग में कोलांचल टीम की ओर से मैदान में उतरेंगे। बेटे की इस बड़ी सफलता पर पिता भावुक होकर कहते हैं कि उन्हें ऐसा लग रहा है मानो वे चांद पर पहुंच गए हों।
अभी और सीखना बाकी
फ्रांसिस मिंज कहते हैं कि रॉबिन का ईशान किशन से भी महंगा बिकना गर्व की बात है, लेकिन अभी उसे बहुत कुछ सीखना बाकी है। वे आज भी एयरपोर्ट पर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहे हैं। उन्हें उस वक्त खास गर्व महसूस होता है जब शुभमन गिल जैसे बड़े खिलाड़ी खुद रुककर रॉबिन की तारीफ करते हैं और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाते हैं। उनके मुताबिक, ऐसे पल जिंदगी में बहुत कम नसीब होते हैं।
https://hindi.news18.com/photogallery/jharkhand/ranchi-robin-minj-expensive-player-jharkhand-premier-league-first-tribal-cricketer-local18-ws-l-10555406.html