US-Iran War: अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर युद्ध जैसे हालात पैदा हो गए हैं। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर नियंत्रण को लेकर दोनों देश आमने-सामने आ खड़े हुए हैं। अमेरिका ने ईरान के बंदर सिरिक नेवल बेस पर जोरदार हमला बोला है, वहीं इस दौरान वेलायत नेवल बेस को भी निशाना बनाया गया।
ईरानी नौसेना को भारी क्षति का दावा
हमले के दौरान केशम द्वीप पर 6 अलग-अलग हवाई हमले होने की खबर सामने आई है। अमेरिका की इस कार्रवाई से ईरानी नौसेना को बड़ा नुकसान पहुंचने का दावा किया जा रहा है। ईरान के सरकारी मीडिया के मुताबिक, होर्मुज स्टेट में ईरान के एक द्वीप पर धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं।
ईरानी विदेश मंत्री की चेतावनी
ईरान के विदेश मंत्री अरागची ने फारस की खाड़ी में दुश्मन की किसी भी संभावित गलती को लेकर चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा कि हम कूटनीति को प्राथमिकता देते हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर दूसरी भाषा में जवाब देना भी हमें बखूबी आता है।
क्या बोले अरागची?
अरागची ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में लिखा, 'होर्मुज स्ट्रेट इंटरनेशनल समुद्री क्षेत्र में नहीं आता, बल्कि यह ईरान और ओमान के बीच साझा है और अमेरिका के तटों से हजारों मील दूर स्थित है। यहां की समुद्री सीमाएं पूरी तरह स्पष्ट और संदेह से परे हैं। हमारे इलाके के पास तैनात विदेशी सेनाओं पर हमेशा अपनी मानवीय गलतियों, साधारण दुर्घटनाओं या क्रॉसफायर में फंसने का खतरा मंडराता रहता है। जोखिम घटाने का सबसे बेहतर रास्ता यही है कि वे यहां से चले जाएं।'
अमेरिकी अपाचे हेलीकॉप्टर गिराने का दावा
इससे पहले सोमवार को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में गश्त कर रहे अमेरिका के अपाचे हेलीकॉप्टर को ईरानी सेना ने मार गिराया था। अमेरिका ने इस घटना को उकसावे की कार्रवाई करार दिया है। इस हमले में दोनों पायलट सुरक्षित बताए गए हैं। इसकी जानकारी खुद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दी। ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ पर पोस्ट कर कहा कि अमेरिका ईरान को इसका करारा जवाब देगा।
ट्रंप बोले- पायलट सुरक्षित, कोई घायल नहीं
जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से पूछा गया कि 'होर्मुज स्टेट में सेना का एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, क्या आप इस बारे में कोई जानकारी दे सकते हैं? क्या सैनिक ठीक हैं?' तो इसके जवाब में ट्रंप ने कहा, 'पायलट ठीक हैं और कोई भी घायल नहीं हुआ है। हम कल एक रिपोर्ट जारी करेंगे, लेकिन फिलहाल पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं।'
https://www.indiatv.in/world/around-the-world/america-iran-war-us-forces-attack-an-island-in-the-strait-of-hormuz-2026-06-10-1224077