उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में एक मनचले की हरकतों से आजिज होकर 17 साल की किशोरी ने आत्महत्या कर ली। जब परिवार को इस घटना की जानकारी मिली तो घर में कोहराम मच गया। मामला ताजगंज थाना क्षेत्र का है, जहां सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल में जुट गई।
घर के कमरे में मिला शव
बंटी कुशवाह की 17 साल की बेटी ने घर के कमरे में अपनी मां की साड़ी से फंदा बनाया और पंखे से लटककर अपनी जान दे दी। बेटी की असमय मौत से पूरा परिवार सदमे में आ गया और घर में मातम पसर गया।
दो साल से कर रहा था परेशान
पिता बंटी कुशवाह ने बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाला रोहन नाम का लड़का आए दिन उनकी बेटी को छेड़ता था। आरोप है कि वह पिछले 2 साल से लगातार किशोरी को परेशान कर रहा था।
उनके अनुसार, जब बेटी स्कूल जाती तो रोहन उसका पीछा करता और कई बार घर के बाहर खड़े होकर घूरता रहता था। समझाने के बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और उल्टा जान से मारने की धमकी देने लगा था।
घटना वाले दिन घर पर कोई नहीं था
परिवार का कहना है कि मंगलवार को घर में कोई मौजूद नहीं था। पिता अपनी ड्यूटी पर थे और मां किसी काम से बाहर गई हुई थीं। इसी दौरान रोहन घर के बाहर आकर खड़ा हो गया और बेटी को घूरने लगा। इससे परेशान होकर किशोरी ने फंदे से लटककर अपनी जिंदगी खत्म कर ली।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने किशोरी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता बंटी कुशवाह की तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपी रोहन की गिरफ्तारी के प्रयासों में जुट गई है।
https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/agra-girl-did-suicide-after-neighbor-boy-rohan-stalk-on-road-school-and-house-10555198.html