उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा की दूसरी पाली समाप्त होते ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन पर अभ्यर्थियों का हुजूम उमड़ पड़ा। स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर हजारों की तादाद में छात्र-छात्राएं अपने घर लौटने के लिए ट्रेनों की राह देखते दिखे। आलम यह रहा कि सिर्फ सामान्य डिब्बे ही नहीं, बल्कि एसी कोच तक अभ्यर्थियों से खचाखच भर गए।
स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 और 8 पर यात्रियों की आवाजाही लगातार बनी रही। ज्यादातर ट्रेनें अपनी क्षमता से कहीं अधिक यात्रियों को ढोती नजर आईं, जिससे चढ़ना तक मुश्किल हो गया।
'प्रश्नपत्र काफी सरल रहा'
परीक्षा देकर लौट रहे बलिया निवासी गोपी कुमार ने बताया कि प्रश्नपत्र बेहद आसान था। उनके मुताबिक सामान्य अध्ययन (जीएस) का हिस्सा थोड़ा कठिन जरूर लगा, लेकिन रीजनिंग, गणित और हिंदी के सवाल सहज थे। उनका परीक्षा केंद्र बबुरी में पड़ा था, जहां की व्यवस्थाओं से वे संतुष्ट दिखे।
गोपी ने बताया कि अब वे वाराणसी जंक्शन के लिए निकल रहे हैं, मगर ट्रेनों में हद से ज्यादा भीड़ के चलते यह सफर बेहद चुनौतीपूर्ण बन गया है।
भीड़ ने बढ़ाई छात्रों की मुश्किल
बलिया के ही करण गुप्ता ने बताया कि उनका परीक्षा केंद्र चंदौली में था। परीक्षा के बाद वे वाराणसी होते हुए बलिया लौटने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्टेशन पर छात्रों की संख्या बहुत अधिक है और ट्रेनों में इतनी भीड़ है कि कई अभ्यर्थी समय पर ट्रेन ही नहीं पकड़ पा रहे।
वहीं स्टेशन पर मौजूद एक युवक ने बताया कि उसने खुद भर्ती परीक्षा का फॉर्म नहीं भरा है, बल्कि वह अपनी बहन को परीक्षा दिलाने आया है। उसकी बहन का परीक्षा केंद्र आजमगढ़ में था। उसने कहा कि वे बनारस एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे हैं, पर भीड़ के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
हर ट्रेन में खचाखच यात्री
सतपाल यादव ने बताया कि उनका परीक्षा केंद्र बबुरी में था, जहां पानी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं अच्छी थीं। उन्होंने कहा कि वे अभी-अभी स्टेशन पहुंचे हैं और वाराणसी जाने के लिए बनारस इंटरसिटी ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उनके अनुसार थोड़ी देर पहले जो ट्रेन रवाना हुई, उसमें इतनी भीड़ थी कि उसमें सवार होना ही नामुमकिन हो गया।
रेलवे के सामने भीड़ प्रबंधन की चुनौती
पुलिस भर्ती परीक्षा के बाद डीडीयू जंक्शन पर उमड़ी अभ्यर्थियों की इस भारी भीड़ ने रेलवे प्रशासन के सामने भीड़ प्रबंधन की कड़ी चुनौती खड़ी कर दी। अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं पर भले ही संतोष जताया, लेकिन घर वापसी के दौरान ट्रेनों में उमड़ी भीड़ ने उनकी परेशानी कई गुना बढ़ा दी।
https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/chandauli-up-police-recruitment-exam-massive-crowd-at-ddu-junction-after-exam-ends-no-seats-available-from-sleeper-to-ac-local18-10555218.html