लैंडिंग के बाद रनवे पर गेंद की तरह उछलता रहा विमान, फिर धमाके के साथ बना आग का गोला

डोमिनिकन रिपब्लिक के ला रोमाना एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान एक प्राइवेट चार्टर प्लेन रनवे पर बार-बार उछलने के बाद भीषण धमाके के साथ आग की चपेट में आ गया। हादसे में प्लेन पर सवार दोनों पायलट मारे गए।

डोमिनिकन रिपब्लिक के ला रोमाना एयरपोर्ट पर हुए दर्दनाक विमान हादसे ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिरी वक्त में ऐसा क्या हुआ कि प्लेन और उसमें सवार पायलट पूरी तरह खाक हो गए। फिलहाल इस क्रैश से जुड़ा एक वीडियो फुटेज सामने आया है, जिसकी मदद से हादसे की असली वजह तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि प्लेन पूरी रफ्तार से रनवे की ओर बढ़ रहा है। रनवे पर टच डाउन करते ही वह किसी गेंद की तरह उछलने लगता है। इसके कुछ ही सेकेंड बाद प्लेन के नोज वाला हिस्सा ऊपर उठता है और टेल में जबरदस्त ब्लास्ट हो जाता है। यह धमाका इतना भयंकर था कि प्लेन के पिछले टायर और बड़ा हिस्सा कई मीटर दूर जाकर गिरते हैं। कुछ ही पलों में सबकुछ जलकर राख हो जाता है।

एविएशन विशेषज्ञों के अनुसार, अब तक सामने आई रिपोर्ट से यह स्पष्ट है कि टेकऑफ के कुछ देर बाद प्लेन में टेक्निकल ग्लिच आ गया था। इसी खराबी के चलते पायलट ने एटीसी से ला रोमाना एयरपोर्ट लौटने और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी थी। प्लेन रनवे पर टचडाउन तो कर गया, लेकिन उसके बाद हालात संभाले नहीं जा सके। यह सब क्यों हुआ, इसकी पड़ताल में डोमिनिकन एविएशन एजेंसियां जुट गई हैं।

हादसे की संभावित वजहें

लैंडिंग गियर में तकनीकी खराबी

प्लेन के लैंडिंग गियर में तकनीकी गड़बड़ी का पता चलने के बाद ही पायलट ने ला रोमाना एयरपोर्ट लौटने और इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला किया था। संभावना है कि लैंडिंग के समय प्लेन के पिछले टायर ठीक तरह से न खुले हों। इसी वजह से टच डाउन के बाद प्लेन को तेज झटका लगा और वह हिचकोले खाते हुए आगे बढ़ने लगा।

दोबारा टेकऑफ की कोशिश

विशेषज्ञों का मानना है कि आखिरी क्षणों में जिस तरह प्लेन का नोज ऊपर उठता दिखा, उससे ऐसा लगता है कि प्लेन को नियंत्रण से बाहर जाता देख पायलटों ने दोबारा टेकऑफ की कोशिश की हो। इसी कोशिश में हुई चूक के कारण प्लेन का टेल रनवे से रगड़ खा गया। इस तेज रगड़ से निकली चिंगारी ने प्लेन को आग के गोले में बदल दिया।

फ्यूल टैंक का भरा होना

रिपोर्ट्स के मुताबिक यह प्लेन ऑस्टिन से उड़ा था और रिफ्यूलिंग के लिए ला रोमाना एयरपोर्ट पर उतरा था। ईंधन भरने के बाद इसने टेक्सास के लिए उड़ान भरी थी, यानी टेकऑफ के समय इसका फ्यूल टैंक पूरी तरह भरा हुआ था। जिस तरह का धमाका हुआ, उसे देखकर लगता है कि इमरजेंसी लैंडिंग से पहले शायद हवा में फ्यूल टैंक खाली नहीं किया गया था, जो एसओपी का हिस्सा है।

पायलट का नियंत्रण खो देना

टचडाउन के बाद प्लेन स्थिर नहीं रह सका और लगातार रनवे पर उछलते हुए आगे बढ़ता रहा। इस स्थिति से अंदाजा लगता है कि तकनीकी खराबी के चलते पायलट प्लेन पर अपना नियंत्रण खो चुके थे। नतीजतन उनकी कोई भी कोशिश कारगर नहीं रही और प्लेन क्रैश हो गया।

क्या है पूरा मामला

डोमिनिकन रिपब्लिक के ला रोमाना एयरपोर्ट पर रविवार को यह प्राइवेट चार्टर प्लेन क्रैश हुआ था। यह प्लेन पूर्व एमएलबी स्टार यादियर मोलिना और उनके परिवार को लेने के लिए टेक्सास जा रहा था। उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद प्लेन में टेक्निकल ग्लिच आ गया, जिसके बाद पायलटों ने इमरजेंसी लैंडिंग की मांग की। इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान प्लेन में आग लग गई।

प्लेन में केवल दो पायलट सवार थे। पायलट एरिक जेवियर डियागो और को-पायलट रुड्डी घजा की इस हादसे में मौत हो गई। प्लेन में कोई यात्री मौजूद नहीं था। बताया गया है कि प्लेन प्यूर्टो रिको से आया था और ईंधन भरने के बाद टेक्सास के लिए रवाना हुआ था।

https://hindi.news18.com/world/rest-of-world-dominican-republic-plane-crash-emergency-landing-runway-bounce-tail-blast-cause-analysis-10554602.html