मंगलवार, 9 जून 2026 को घरेलू शेयर बाजार ने सोमवार की भारी गिरावट से उबरते हुए शानदार वापसी की और दोनों प्रमुख सूचकांक हरे निशान में बंद हुए। अमेरिका और ईरान के बीच शांति के संकेत मिलने के बाद कच्चे तेल के दामों में नरमी आई, जिसका सीधा असर निवेशकों की धारणा पर पड़ा और दिनभर बाजार में खरीदारी का जोर बना रहा। आज सबसे बड़ी तेजी बैंकिंग शेयरों में देखने को मिली, जहां बीएसई बैंकेक्स 2 प्रतिशत से भी अधिक की मजबूती के साथ बंद हुआ।
कारोबारी सप्ताह के दूसरे दिन बीएसई का बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स 394.50 अंक यानी 0.54 प्रतिशत चढ़कर 73,918.76 अंकों पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 50 भी 119.10 अंक यानी 0.52 प्रतिशत की छलांग लगाकर 23,242.10 अंकों पर ठहरा। उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले सोमवार को बाजार में जोरदार गिरावट दर्ज की गई थी, जब सेंसेक्स 719.08 अंक (0.97 प्रतिशत) लुढ़ककर 73,524.26 अंकों पर और निफ्टी 50 भी 243.70 अंक (1.04 प्रतिशत) टूटकर 23,123.00 अंकों पर बंद हुआ था।
इंडिगो का शेयर रहा टॉप गेनर
मंगलवार को सेंसेक्स में शामिल 30 में से 18 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए, जबकि बाकी 12 कंपनियों के शेयर गिरावट लेकर लाल निशान में रहे। दूसरी ओर निफ्टी 50 की 50 में से 31 कंपनियों के शेयरों में तेजी रही और शेष 19 कंपनियों के शेयर कमजोरी के साथ बंद हुए। सेंसेक्स की कंपनियों में एयरलाइन कंपनी इंडिगो का शेयर सबसे ज्यादा 4.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद होकर टॉप गेनर रहा, जबकि टाटा समूह की कंपनी टाइटन का शेयर सबसे ज्यादा 2.08 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।
बैंकिंग शेयरों ने भरी रफ्तार
सेंसेक्स के अन्य चढ़ने वाले शेयरों की बात करें तो एसबीआई 2.13 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 1.99 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 1.92 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 1.84 प्रतिशत, एशियन पेंट्स 1.81 प्रतिशत, ट्रेंट 1.79 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 1.56 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनिलीवर 1.23 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा बैंक 1.19 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 1.17 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 1.15 प्रतिशत, अडाणी पोर्ट्स 1.12 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट 1.09 प्रतिशत, एलएंडटी 0.66 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज 0.46 प्रतिशत, टाटा स्टील 0.32 प्रतिशत और आईटीसी 0.21 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए।
इन शेयरों में रही गिरावट
वहीं दूसरी तरफ, मंगलवार को एनटीपीसी का शेयर 1.82 प्रतिशत, पावर ग्रिड 1.67 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 1.02 प्रतिशत, भारती एयरटेल 0.98 प्रतिशत, एटरनल 0.91 प्रतिशत, इन्फोसिस 0.57 प्रतिशत, सन फार्मा 0.45 प्रतिशत, एचसीएल टेक 0.39 प्रतिशत, बीईएल 0.22 प्रतिशत, टीसीएस 0.09 प्रतिशत और एचडीएफसी बैंक 0.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।
https://www.indiatv.in/paisa/market/stock-market-highlights-9-june-2026-sensex-closes-394-points-higher-and-nifty-up-119-points-strong-rally-in-banking-stocks-2026-06-09-1223954