SSY Calculator: सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) इस समय की सबसे चर्चित सरकारी बचत योजनाओं में गिनी जाती है। यह स्कीम पूरी तरह बेटियों को ध्यान में रखकर बनाई गई है और इसके तहत केवल बेटियों के ही खाते खोले जाते हैं। केंद्र सरकार की इस योजना में बेटियों को सालाना 8.2 प्रतिशत की दर से ब्याज दिया जाता है, जो देश की किसी भी अन्य योजना में बच्चियों को नहीं मिलता। अगर आप अपनी बेटी के नाम यह खाता खुलवाते हैं, तो मैच्यॉरिटी पर एक बड़ी रकम हाथ में आती है, जिसका उपयोग बेटी की पढ़ाई और शादी दोनों में किया जा सकता है।
बेटी की उम्र 10 साल से कम होना जरूरी
इस योजना में खाता तभी खुलता है जब बेटी की उम्र 10 साल से कम हो। SSY खाते में हर साल कम से कम 250 रुपये जमा करना अनिवार्य है, जबकि एक वित्त वर्ष में अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक जमा किए जा सकते हैं। खास बात यह है कि यह योजना पूरी तरह कर-मुक्त है, यानी इससे होने वाली आमदनी पर एक रुपये का भी टैक्स नहीं चुकाना पड़ता। एक परिवार में अधिकतम 2 बेटियों के ही खाते खोले जा सकते हैं, लेकिन यदि परिवार में जुड़वा बेटियां हों तो 2 से अधिक खाते खुलवाने की भी अनुमति है।
15 साल तक करना पड़ता है निवेश
इस स्कीम में बेटी के नाम पर 15 साल तक निवेश करना होता है, जबकि खाता खुलवाने की तारीख से 21 साल बाद यह मैच्यॉर होता है। अगर बेटी की उम्र 18 साल हो चुकी है और आप उसकी शादी करना चाहते हैं, तो उस स्थिति में खाता बंद कराया जा सकता है और पूरी राशि बेटी के बैंक खाते में भेज दी जाती है।
मान लीजिए आपकी बेटी अभी 1 साल की है और आप अभी खाता खुलवाकर हर साल 1,09,000 रुपये जमा करते हैं, तो साल 2047 में मैच्यॉरिटी पर आपकी बेटी के खाते में कुल 50,34,040 रुपये जमा हो जाएंगे।
https://www.indiatv.in/paisa/personal-finance/rs-50-lakhs-to-be-credited-to-daughter-s-account-find-out-how-much-you-need-to-invest-in-the-sukanya-samriddhi-yojana-2026-05-30-1221906