मई में हीरो मोटोकॉर्प का दबदबा कायम, बेचे 5.7 लाख से ज्यादा दोपहिया वाहन

हीरो मोटोकॉर्प ने मई 2026 में 12 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,70,068 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की। घरेलू बाजार के साथ-साथ कंपनी का ग्लोबल कारोबार भी 78 प्रतिशत की तेज ग्रोथ के साथ चमका।

देश के दोपहिया वाहन बाजार में सबसे बड़ी कंपनी हीरो मोटोकॉर्प ने एक बार फिर अपनी पकड़ साबित कर दी है। गर्मियों के इस सीजन में ग्राहकों ने कंपनी की मोटरसाइकिल और स्कूटरों पर खुलकर भरोसा दिखाया। मंगलवार को सामने आए आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, कंपनी ने मई 2026 में बिक्री का नया रिकॉर्ड बना डाला है। मोटरसाइकिल और स्कूटर बनाने वाली दुनिया की इस सबसे बड़ी कंपनी ने घरेलू और विदेशी, दोनों मोर्चों पर बेहतरीन प्रदर्शन कर अपनी अगुवाई और पुख्ता कर ली है।

हीरो मोटोकॉर्प की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, मई 2026 में कंपनी की बिक्री 12 प्रतिशत की मजबूत बढ़त दर्ज करते हुए 5,70,068 यूनिट्स तक पहुंच गई। पिछले साल यानी मई 2025 की इसी अवधि में कंपनी ने 5,07,701 यूनिट्स बेची थीं, जिसकी तुलना में यह आंकड़ा कहीं बेहतर है। दोहरे अंक की यह बढ़ोतरी इस बात का साफ संकेत है कि बाजार में हीरो के दोपहिया वाहनों की मांग लगातार ऊपर जा रही है।

घरेलू बाजार में मजबूत पकड़

कंपनी ने बताया कि इस महीने शोरूम से होने वाली घरेलू रीटेल बिक्री की रफ्तार भी बेहद तेज रही। सरकार के आधिकारिक 'वाहन' (VAHAN) पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार (तेलंगाना को छोड़कर), मई के दौरान देश भर में हीरो की 4.96 लाख से अधिक गाड़ियों के नए रजिस्ट्रेशन हुए। कंपनी ने अपने बयान में कहा कि मई 2026 में उसके घरेलू मोटरसाइकिल और स्कूटर कारोबार ने अपनी रफ्तार बनाए रखी और पिछले साल के मुकाबले डिस्पैच में करीब 10 प्रतिशत की बेहतरीन वृद्धि हासिल की।

ग्लोबल मार्केट में बजा डंका

घरेलू मोर्चे के साथ-साथ इस बार हीरो मोटोकॉर्प ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सबको चौंका दिया। कंपनी के वैश्विक कारोबार ने मई के महीने में 78 प्रतिशत की जबरदस्त ग्रोथ दर्ज की और इस दौरान विदेशी बाजारों में 33,284 यूनिट्स की शिपमेंट भेजी गई। कंपनी के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में प्रीमियम प्रोडक्ट्स के पोर्टफोलियो के लगातार विस्तार और नए बाजारों पर फोकस की रणनीति की वजह से वैश्विक मांग में यह तेज उछाल देखने को मिला।

https://www.indiatv.in/paisa/auto/hero-motocorp-reported-12-percent-sale-rise-5-7-lakh-units-sold-in-may-2026-2026-06-02-1222506